चंडीगढ़ के एक होटल में 30 दिसंबर की शाम को एक नर्स की हत्या हुई थी. हत्या जिस आदमी ने की थी, वो फरार था. पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी. 15 दिन गायब रहने के बाद आरोपी खुद सामने आया. एक न्यूज चैनल पर लाइव इंटरव्यू मेंअपना गुनाह कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने उसे स्टूडियो से गिरफ्तार कर लिया.
चंडीगढ़: लाइव शो में गर्लफ्रेंड की हत्या की बात कबूली, पुलिस स्टूडियो से उठा ले गई
इससे पहले 2010 में भी एक गर्लफ्रेंड की हत्या कर चुका है आरोपी.


# पूरा मामला क्या है?
आरोपी का नाम मनिंदर सिंह है. उसने जिस लड़की की हत्या की, उसका नाम सरबजीत था. सरब मनिंदर की गर्लफ्रेंड थी. मनिंदर ने न्यूज़ चैनल को बताया,
हत्या का प्लान नहीं था. प्लान तो बस ये था कि हम दोनों 30 और 31 दिसबंर होटल में रुकेंगे. 30 तारीख को चेक इन किया था. अप्रैल से शादी की प्लानिंग कर रहे थे. पर सरब के घरवालों का कहना था कि तुम्हारी जाति कुछ और है, इसलिए शादी नहीं होने देंगे. उसकी फैमिली ने मुझसे कहा था कि उनकी बेटी की सरकारी नौकरी है, पर तुम्हारे पास कोई नौकरी नहीं है. तो वो मुझे उससे शादी नहीं करने दे सकते. और दूसरा कारण जाति का था. पर सरब ने कहा था कि हम दोनों मिलकर घरवालों को मनाएंगे. और अगर नहीं मानते, तो कोर्ट या गुरुद्वारे में शादी कर लेंगे.
सरब ने कहा था कि 8 दिसंबर को भाई की शादी है, तब तक के लिए रुक जाओ. इसके बाद सरब की जो भाभी हैं, उनके भाई से सरब की बातचीत होने लग गई थी. उसका उस लड़के के साथ अफेयर चल रहा था. फेसबुक पर भी मैंने देखा था, इनके बीच मैसेज और कॉलिंग चल रही थी. और जब पूछा था तो सरब ने सॉरी फील किया, कहा कि मुझसे गलती हो गई. मैंने बोला कि चलो कोई नहीं, हम पेरेंट्स को मनाएंगे. और रूम में जाने के बाद भी यही बात पूछी थी. उस रात हम इतना हाइपर हो गए, कि मैंने उसका मर्डर कर दिया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मनिंदर ने पुलिस को बताया कि वो और सरबजीत दोनों भागने की प्लानिंग कर रहे थे और इसके लिए बैंक से भी लोन लेने वाले थे. लेकिन सरब के अफेयर की वजह से उसने उसकी हत्या कर दी.
सरबजीत कौर और मनिंदर सिंह. फाइल फोटो.# पहले भी हत्या कर चुका है
मनिंदर ने पहले भी अपनी एक गर्लफ्रेंड की हत्या की थी. 2010 में करनाल में ये घटना हुई थी, जिसके बाद हरियाणा पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था. दोषी होने के बावजूद, उसने हरियाणा और पंजाब हाईकोर्ट में चैलेंज किया था. और बाद में वो बेल पर छूट गया था. मनिंदर ने बताया कि उसने रेनू की हत्या की थी. हत्या की वजह एक झगड़ा था. उसके मुताबिक, रेनू का यूपी में रहने वाले किसी किसी लड़के से अफेयर था.
# चैनलवालों ने ही पुलिस बुलाई
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मनिंदर शाम 6 बजे के करीब न्यूज चैनल पहुंचा था. उसने कैमरामेन से कॉन्टैक्ट किया था, जो न्यूज वीडियो शूट करता है. फिर वहां के एक कर्मचारी को अपना पूरा केस बताया और कहा कि वो अपना गुनाह कबूल करना चाहता है. और जब उसे चैनल वाले स्टूडियो में इंटरव्यू के लिए लेकर गए थे, तभी उन्होंने सेक्टर 31 के पुलिस स्टेशन में भी कॉल कर दिया था.
#नर्स थी सरबजीत
सरबजीत की उम्र 27 साल थी. वो संगरूर में रहती थी. मोहाली के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में काम करती थी. और कुछ दिन पहले ही उसका AIIMS में नर्स के तौर पर सेलेक्शन हुआ था. वहीं, मनिंदर एक फैक्टरी में पिछले तीन महीने से ड्राइवरी कर रहा था. पुलिस के मुताबिक, सरबजीत और मनिंदर दोनों रिलेशनशिप में थे. और दोनों कई बार होटल में स्टे कर चुके हैं. और हत्या के बाद मनिंदर एक जगह से दूसरी जगह घूमता रहा, ताकि पुलिस उसे ट्रेस न कर पाए. वो भठिंडा, लुधियाना, होशियारपुर, पटियाला, संगरूर और जालंधर में रुका था.
# केस दर्ज हुआ
मनिंदर अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था. उसके पापा बढ़ई (कारपेंटर) का काम करते हैं. और उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी थी. और वो खुद 12वीं तक ही पढ़ा था. पुलिस के मुताबिक, पुलिस से बचने के लिए मनिंदर ने अपना लुक भी बदल लिया था. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया है. और IPC की धारा 302 (हत्या) के तहत केस भी दर्ज कर लिया है.
वीडियो देखें : निर्भया केस: पटियाला हाउस कोर्ट ने कहा, 22 जनवरी की सुबह चारों दोषियों को फांसी दी जाए






















