महाराष्ट्र में 31 जुलाई की सुबह जयपुर-मुंबई एक्सप्रेस (12956) में गोलीबारी हुई. पालघर में हुई इस घटना में चार लोगों की हत्या कर दी गई. मरने वालों में RPF के एक ASI और तीन यात्री शामिल हैं. रेलवे पुलिस फोर्स (RPF) के चेतन नाम के एक कॉन्स्टेबल ने अपने ही सीनियर पर गोली चला दी. साथ ही अलग-अलग डिब्बों में गोलीबारी कर उसने तीन और यात्रियों की हत्या कर दी. घटना के बाद जहां मृतक ASI के परिवार को मुआवजे का ऐलान किया गया, वहीं मृतक यात्रियों के घरवालों लिए मुआवजे का कोई ऐलान नहीं हुआ है.
RPF कॉन्सटेबल ने ट्रेन में मारी थी गोली, अब धरने पर क्यों बैठ गए मृतक असगर के घरवाले?
घटना के बाद मृतक ASI के परिवार को मुआवजे का ऐलान किया गया.


न्यूज एजेंसी ANI ने ट्वीट कर बताया कि पश्चिमी रेलवे ने ASI टीकाराम मीणा के घरवालों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है. रेलवे सुरक्षा कल्याण निधि से उन्हें 15 लाख रुपये दिए जाएंगे. साथ ही टीकाराम मीणा के अंतिम संस्कार के लिए 20,000 रुपये का खर्च भी रेलवे उठाएगा. इसके अलावा उनके घरवालों को जनरल इंश्योरेंस स्कीम के तहत 65,000 रुपये भी दिए जाएंगे.
आज तक से जुड़े एजाज खान की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक यात्रियों के घरावालों के लिए मुआवजे का ऐलान नहीं किए जाने के बाद मृतक असगर शेख के घरवाले JJ अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए हैं. उनकी मांग है कि सरकार या रेलवे को मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देनी चाहिए, ताकि उनके परिवार और बच्चे का भरण पोषण हो सके.
मृतक असगर शेख के रिश्तेदार आसिफ ने कहा कि सुबह ही जो RPF के अधिकारी की मौत हुई है, उनके मुआवजा का ऐलान कर दिया गया है. लेकिन असगर शेख के लिए कोई मुआवजे की बात नहीं की गई है. जबतक हमलोगों की मांग नहीं मानी जाएगी, तब तक हमलोग धरने पर बैठे रहेंगे और शव को भी नहीं लेंगे.
इंडिया टुडे से जुड़े हुसैन की रिपोर्ट के मुताबिक, RPF के कॉन्स्टेबल चेतन ने गोलीबारी की थी. उसने अपने एस्कॉर्ट प्रभारी ASI टीकाराम पर गोली चलाई. फिर अलग-अलग कोच में तीन और यात्रियों को निशाना बनाया. चारों पीड़ितों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. ये घटना वापी से बोरीवली मीरा रोड स्टेशन के बीच की है.
आरोपी ने 12 राउंड फायरिंग की. घटना के बाद आरोपी का एक वीडियो वायरल हुआ. जिसमें वो आपत्तिजनक बातें कहता नजर आ रहा है. अधिकारियों की तरफ से इस वीडियो की जांच की बात कही गई है.
वीडियो: शाहरूख खान की जवान का पहला सॉन्ग जिंदा बंदा सुनकर साउथ इंडियन डब्ड गानों वाली फीलिंग आती है

















