ऊंची पहाड़ियां, गहरी नदियां, घने जंगल या उफनता समंदर. इनमें से कोई भी जगह देखने-घूमने में बड़ी सुहानी लगती है. लेकिन इन जगहों पर जाते समय सावधानी भी बहुत जरूरी है. जरा सा पैर फिसला या एक गलत कदम पड़ा, तो जान तक चली जाती है. यही वजह है कि पर्यटन विभाग ऐसी तमाम जगहों पर चेतावनी वाले साइनबोर्ड भी लगाता है. लेकिन फिर भी कुछ लोग चेतावनी को सीरियस नहीं लेते और इस चक्कर में उनकी जान चली जाती है. ऐसा ही एक मामला गोवा से सामने आया है. यहां के मशहूर बागा बीच पर एक टूरिस्ट समंदर में बह गया. वो तट के पास एक चट्टान पर बैठा था. दोस्त उसे पुकारते रहे कि वहां से हट जाए. लेकिन उसने एक न सुनी और आखिर में समंदर की लहरें उसे बहा ले गईं.
'वापस आ जाओ...' चिल्लाते रहे दोस्त, गोवा में नशे में धुत टूरिस्ट को बहा ले गया समंदर!
समंदर किनारे हों या पहाड़ों पर, सावधानी और सतर्कता जरूरी है. गोवा में एक समुद्री चट्टान पर बैठकर शराब पीने के चक्कर में एक शख्स को अपनी जान गंवानी पड़ी. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.


मृतक की पहचान बीजापुर, कर्नाटक के रहने वाले सहस अशपक मसाली के रूप में हुई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मसाली समुद्र किनारे चट्टानों पर बैठे थे, तभी समुद्र में उठी तेज लहरों ने उन्हें पानी में खींच लिया. उन्हें ढूंढने की कोशिशें तुरंत शुरू हुईं. लेकिन इसके बावजूद पानी का तेज बहाव उन्हें दूर लेता गया. घटना के तुरंत बाद वहां अधिकारियों ने सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. लेकिन लहरें इतनी तेज थीं कि काफी मशक्कत के बाद भी मसली की कोई खबर नहीं मिली. कई घंटों की खोज के बाद, रेस्क्यू टीम ने समुद्र के किनारे से उनका शव बरामद किया.
वायरल वीडियो में क्या दिखा?इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो में एक व्यक्ति चट्टानों के पास उफनते समुद्र में लहरों की चपेट में आने के बाद लहरों से जूझता हुआ दिखाई दे रहा है. आसपास खड़े लोग पैनिक में हैं लेकिन लहरें इतनी तेज और ऊंची हैं कि अच्छे से अच्छा तैराक भी पानी में उतरने की हिम्मत न करे. घटना के बाद प्रशासन ने ढूंढने की कवायद शुरू की. लेकिन तेज लहरें और कम विजिबिलिटी की वजह से रेस्क्यू बहुत मुश्किल था.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक मसाली ने चट्टान पर जाकर बैठने से पहले शराब भी पी थी. उसके दोस्तों ने उसे कई बार मना किया. लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी. लिहाजा लहरों की चपेट में आने के बाद वो बच नहीं सका.
(यह भी पढ़ें: वीडियो में सड़क पर कचरा फेंकते दिखा, ट्रोलिंग और पुलिस केस के बीच युवक ने की आत्महत्या)
इस घटना के बाद, सरकार की ओर से वहां बीच प्रोटेक्शन के लिए तैनात एजेंसी दृष्टि मरीन ने एक बार फिर पर्यटकों से अपील की कि वे समुद्र तट के किनारे मौजूद चट्टानों से दूर रहें. ये भी कहा गया है कि हाई टाइड या खराब मौसम के दौरान लोग समुद्र में न जाएं. उन्होंने चेतावनी दी कि तेज लहरें बिना किसी चेतावनी के, अचानक आ सकती हैं. इसलिए किनारे पर सतर्क रहना जरूरी है.
वीडियो: तारीख: गोवा की आजादी के लिए क्यों हुआ 14 साल इंतज़ार?

















