अमेरिका के सिएटल शहर में चल रहे मशहूर 'बाइट ऑफ सियाटल' फूड फेस्टिवल के दौरान रविवार शाम उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं. स्पेस नीडल के पास बने सिएटल सेंटर में हुए इस खूनी हमले में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दो साल के बच्चे समेत पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
सिएटल फूड फेस्टिवल में गोलीबारी, स्पेस नीडल के पास फायरिंग में 2 की मौत और 5 घायल
Space Needle shooting: अमेरिका के सिएटल सेंटर में आयोजित बाइट ऑफ सियाटल फूड फेस्टिवल के दौरान रविवार शाम हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और एक बच्चे समेत पांच लोग घायल हो गए.

‘द गार्डियन’ में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, ये घटना रविवार शाम करीब छह बजे हुई जब इस सालाना फूड फेस्टिवल में हजारों की संख्या में लोग खान-पान और मनोरंजन का लुत्फ उठा रहे थे.
घटना के चश्मदीद इस्तान वाकोनाबो ने उस खौफनाक मंजर को याद करते हुए ‘गल्फ न्यूज’ को बताया,
मैं और मेरी गर्लफ्रेंड फूड फेस्टिवल में एक फोटो बूथ के पास लाइन में खड़े थे, तभी अचानक पीछे से लोगों की भारी भीड़ भागती हुई आई. हमने देखा कि लोग छिपने की कोशिश कर रहे थे, एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे और भगदड़ में बच्चों के स्ट्र्रोलर तक जमीन पर गिर पड़े थे.
इस्तान ने जैसे ही उन्होंने गोलियों की आवाज सुनी, वो समझ गए कि ये कोई गोलीबारी की घटना है. उस वारदात को याद करते हुए वो आगे कहते हैं,
अपनी गर्लफ्रेंड को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद जब मैं दोबारा उस जगह लौटा, तो देखा कि कई घायल जमीन पर पड़े हुए थे.
एक अन्य चश्मदीद पॉल स्किनर ने ‘बीबीसी’ को बताया कि,
शुरुआत में लगा कि शायद ये कोई तेज आवाज वाले पटाखे हैं, लेकिन अगले ही पल जब भीड़ उल्टे पांव भागने लगी, तो माहौल पूरी तरह बदल गया.
सिएटल पुलिस विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि पुलिस इस गोलीबारी की जांच कर रही है और लोगों से उस इलाके से दूर रहने की अपील की गई है. सिएटल की मेयर केटी विल्सन ने इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी अन्य हमलावर के शामिल होने या हमले के पीछे के मकसद का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है.
ये भी पढ़ें: हां हमने हवाई फायरिंग की... प्रोटेस्टर्स को गोली लगने के बाद बिहार पुलिस ने स्वीकारा
‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ के मुताबिक सिएटल फायर डिपार्टमेंट की प्रवक्ता ग्रेस नुनेज ने बताया कि इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई और पांच घायलों को हार्बरव्यू मेडिकल सेंटर ले जाया गया. अस्पताल की प्रवक्ता सुसान ग्रेग ने मीडिया को जानकारी दी कि अस्पताल में भर्ती कराए गए पीड़ितों में एक छोटा बच्चा, एक 23 साल का युवक और दो महिलाएं शामिल हैं. खबर लिखे जाने तक उनमें से एक मरीज की हालत भी गंभीर बनी हुई थी.
वीडियो: वाइट हाउस के बाहर फायरिंग करने वाला शख्स कौन है?









