Meta के CEO मार्क जकरबर्ग ने भारत सरकार से माफी मांगी है. उन्होंने चाइल्ड सेक्शुअल एब्यूज मेटेरियल (CSAM), डीपफेक कॉन्टेंट और प्लेटफॉर्म को ऑपरेट करने में हुई गलतियों के लिए माफी मांगी है. फिलहाल ये पूरी तरह साफ नहीं है कि जकरबर्ग ने पीएम मोदी का वीडियो अपने प्लेटफॉर्म से हटाने को लेकर माफी मांगी है या नहीं.
मार्क जकरबर्ग ने भारत सरकार से माफी मांग ली, लेकिन एक पेच है
Meta के CEO मार्क जुकरबर्ग ने अपने प्लेटफॉर्म्स पर हो रही गलतियों के लिए भारत सरकार से माफी मांगी है. उन्होंने माना कि प्लेटफॉर्म्स पर बच्चों से जुड़े सेक्शुअल एब्यूज मेटेरियल (CSAM) और डीपफेक कॉन्टेंट दिखाया जा रहा है.

ये माफीनामा ऐसे समय में आया है, जब केंद्र सरकार और मेटा के अधिकारियों के बीच 5 अगस्त को बैठक हुई है. मेटा की ग्लोबल टीम को इसके लिए दिल्ली बुलाया गया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बैठक में मेटा के अधिकारियों को साफ बताया गया कि वह 'इंटरमीडियरी' (मध्यस्थ) की डेफिनिशन के तहत नहीं आते. मेटा ही इस बात को तय करता है कि किसे कौन सा कॉन्टेंट मिलेगा और कैसे मिलेगा. इसलिए, IT एक्ट के तहत मिलने वाली 'सेफ हार्बर ' उन पर लागू नहीं होती.
कॉन्टेंट बूस्ट करने के लिए मिले पैसे
मार्क जकरबर्ग ने अपने माफीनामे में इस बात को स्वीकार किया है कि कुछ खास तरह के कॉन्टेंट को बूस्ट करने के लिए काफी पैसे दिए गए थे. उन्होंने इस मामले में माफी मांगी और अपनी गलती पर अफसोस जताया.
मार्क जकरबर्ग की माफी उस जांच से जुड़ी है, जिसमें ये पता चला था कि मेटा के प्लेटफॉर्म्स पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़े विज्ञापन दिखाए जा रहे हैं. BBC EYE की डॉक्यूमेंट्री में ऐसे करीब 30 अलग-अलग विज्ञापनों की पहचान की गई थी. बाद में इसकी जानकारी भारतीय अधिकारियों को दी गई. इसके बाद इस मामले में मेटा से जवाब मांगा गया था.
इससे पहले बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे की अध्यक्षता वाली संसदीय समिति ने मार्क जकरबर्ग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो हटाने को लेकर माफी की मांग की थी. इसके लिए उन्होंने जकरबर्ग को तीन दिन का समय दिया था. हालांकि मेटा चीफ के माफीनामे में पीएम मोदी के वीडियो हटाने को लेकर माफी का कोई जिक्र नहीं है.
मेटा की टीम अश्विनी वैष्णव से मिली
मेटा की ग्लोबल टीम दो दिन की बैठक के लिए नई दिल्ली पहुंची है. 5 अगस्त को इस बैठक की शुरुआत हुई. मेटा के चीफ ग्लोबल अफेयर्स ऑफिसर जोएल कपलान ने अपनी टीम के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स और IT मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की. मिनिस्टर के साथ मेटा की मीटिंग करीब आधे घंटे तक चली. मेटा की टीम ने इससे पहले आईटी सचिव एस. कृष्णन से भी मुलाकात की.
वीडियो: मार्क जुकरबर्ग vs एलन मस्क फाइट का इंतज़ार होगा और लंबा, एलन मस्क की पीठ और गर्दन का होगा MRI













