माओवादियों का झारखंड बंद आज, रेल पटरी को विस्फोट कर उड़ाया, ट्रेनें प्रभावित
माओवादी नेता किशन दा की गिरफ्तारी के विरोध में बुलाया है बंद
Advertisement

माओवादियों ने लैंडमइंस से धमाका कर चाईबासा में रेल की पटरी उड़ा दी (साभार आजतक)
झारखंड में माओवादी नेता प्रशांत बोस और शीला की गिरफ्तारी के विरोध में माओवादियों ने 24 घंटे का बंद बुलाया है. आज यानी शनिवार, 20 नवंबर को बंद के बीच माओवादियों ने चाईबासा में रेल पटरी पर लैंडमाइंस लगाकर विस्फोट कर दिया, जिससे हावड़ा-मुंबई रेल रूट पर ट्रेन परिचालन बाधित हो गया.
क्या है मामला?
आजतक के सत्यजीत कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना शुक्रवार 19 नवंबर रात करीब दो बजे की है. झारखंड (Jharkhand) के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर रेल मंडल के चाईबासा में माओवादियों ने लैंडमाइंस लगाकर रेल पटरी उड़ा दी. रेल पटरी उड़ाए जाने की ये घटना सोनुआ-लोटापहाड़ के बीच हुई. जिस समय रेल पटरी पर विस्फोट हुआ, उसके कुछ ही समय बाद मुंबई-हावड़ा मेल गुजरने वाली थी. धमाके की तेज आवाज सुनते ही रेल अधिकारियों ने मुंबई-हावड़ा मेल ट्रेन को घटनास्थल से पहले ही रोक दिया गया. माओवादियों ने लैंडमाइंस से अप और डाउन, दोनों तरफ की रेल लाइन उड़ा दी जिससे रेल यातायात पूरी तरह से ठप हो गया. रेल लाइन उड़ाने की इस घटना के पीछे माओवादी नेता प्रशांत बोस और शीला की गिरफ्तारी है. दोनों नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में माओवादियों ने 24 घंटे का झारखंड बंद का आह्वान किया है. इसके लिए बैनर और पोस्टर भी तैयार किए गए हैं. बैनर और पोस्टरों में नक्सली नेताओं को राजनीतिक बंदी का दर्जा दिया गया है. इसके साथ ही उनकी शारीरिक अस्वस्थता की बात कहते हुए उनके लिए समुचित इलाज के व्यवस्था करने की बात कही गई है.
कई ट्रेनों का रूट बदला, कुछ रद्द
चाईबासा के अलावा माओवादियों ने लातेहार (Latehar) में भी रेलवे ट्रैक उड़ा दिया है . माओवादियों ने शुक्रवार की देर रात लातेहार के डेमू-रिचुघुटा (demu-richughuta) के बीच रेल पटरी पर बम ब्लास्ट कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया, जिसके बाद डाउन रेलवे लाइन पर रेल परिचालन पूरी तरह से रुक गया है. रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट के कारण प्रशासन को कई ट्रेनों को डायवर्ट कर दूसरे रूट पर भेजाना पड़ा वहीं कुछ ट्रेनों को कैंसिल भी करना पड़ा है. 18636 सासाराम-रांची और 08310 जम्मू तवी एक्सप्रेस को कोडरमा, मुरी के रास्ते रवाना किया गया वहीं 03364 डिहरी ऑन सोन - बरवाडीह स्पेशल और 03362 बरवाडीह- नेसुबोगोमो स्पेशल ट्रेन को कैन्सल कर दिया गया है. भाकपा माओवादी के पोलित ब्यूरो के सदस्य प्रशांत बोस उर्फ किशन दा को झारखंड पुलिस ने पिछले दिनों गिरफ्तार किया था. किशन दा पर एक करोड़ का इनाम रखा गया था. किशन दा के साथ उसकी पत्नी शीला बोस को भी पकड़ा गया है. प्रशांत बोस बिहार और झारखंड में भाकपा माओवादी संगठन का सबसे बड़ा चेहरा है.
Advertisement













