23 अप्रैल है. मनोज बाजपेयी का बर्थडे है. लेकिन एक सवाल भी है. क्या?
लॉकडाउन के बीच मनोज बाजपेयी अपने परिवार और फिल्म यूनिट के साथ ये कहां फंस गए!
शूटिंग के लिए गए थे और अटक गए.

...कि मनोज बाजपेयी हैं कहां?
जवाब- लॉकडाउन में फंसे हुए हैं. उत्तराखंड के नैनीताल में, जहां वो पूरी टीम के साथ फिल्म शूट करने गए थे.
नैनीताल के रामगढ़ के रिज़ॉर्ट में पूरी की पूरी टीम फंसी हुई है. 'तनु वेड्स मनु' फिल्म के पप्पी जी, यानी दीपक डोबरियाल भी वहीं हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों एक्टर मार्च के पहले हफ्ते एक फिल्म की शूटिंग के लिए रामगढ़ गए थे. फिर कोरोना वायरस की वजह से लॉकडाउन लग गया. वो लोग वहीं फंस गए. मनोज के साथ उनकी पत्नी और बेटी भी हैं. वहीं दीपक अकेले हैं.
किस फिल्म की शूटिंग थी?
नाम अभी सामने नहीं आया है. लेकिन डायरेक्टर राम रेड्डी हैं. कन्नड़ फिल्म 'थिथी' को डायरेक्टर कर चुके हैं. टीम केवल एक हफ्ते तक ही शूट कर पाई थी और लॉकडाउन लग गया.

फिल्म की टीम के साथ मनोज और हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम (फोटो-लीला सिंह बिष्ट)
सरकार ने कोरोना टेस्ट करवाया
अब एक महीने से ज्यादा वक्त हो गया है, फिल्म प्रोडक्शन टीम रामगढ़ में फंसी हुई है. ऐसे में उत्तराखंड सरकार ने टीम का कोरोना टेस्ट करवाने का फैसला लिया. 'हिंदुस्तान टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, हेल्थ डिपार्टमेंट की एक टीम 22 अप्रैल को रिज़ॉर्ट पहुंची और मनोज बाजपेयी समेत सबका टेस्ट किया.
एक्टर ने टेस्ट के बाद मेडिकल टीम की तारीफ की. कहा कि डॉक्टर बहुत अच्छा काम कर रहे हैं. उन्होंने ये भी कहा कि वो कई दिन पहले से वहां आ गए थे, इसलिए कोरोना की आशंका कम है. उन्हें खुशी है कि वो ऐसी जगह फंसे हैं, जो हिमालय के पास है और वहां उन्हें एकदम अच्छा महसूस हो रहा है.
वीडियो देखें: 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील ने बताया क्यों रामानंद सागर 'उत्तर रामायण' नहीं बनाना चाहते थे









