राजस्थान में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपनी बेटी को नहर (Rajasthan) में फेंक दिया. व्यक्ति ये सुनिश्चित करना चाहता था कि तीन बच्चों की वजह से उसे नौकरी में कोई परेशानी न आए.
तीन बच्चों की वजह से नौकरी न जाए, इसलिए 5 महीने को बेटी को नहर में फेंककर मार डाला!
राजस्थान सरकार की नीति की वजह से लिया फैसला!
.webp?width=360)

PTI की रिपोर्ट के मुताबिक मामला राजस्थान के बीकानेर जिले के छतरगढ़ थाना क्षेत्र का है. यहां राजस्थान सरकार में संविदा कर्मचारी के रूप में काम करने वाले एक व्यक्ति ने अपनी पांच महीने की बेटी को नहर में फेंक दिया. व्यक्ति ने ये काम अपनी पत्नी के साथ मिलकर किया. रिपोर्ट के मुताबिक दंपति ने ऐसा इसलिए किया ताकि पति को उसकी नौकरी में कोई परेशानी न हो.
इस मामले में पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम झवरलाल मेघवाल है. झवरलाल छतरगढ़ थाना क्षेत्र का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक झवरलाल राजस्थान सरकार में संविदा कर्मचारी है. वो स्थायी सर्विस पाने की उम्मीद कर रहा था.
झवरलाल के पहले से ही दो बच्चे थे. तीसरे बच्चे के जन्म की वजह से वो राजस्थान सरकार की दो बच्चों की नीति के कारण स्थायी नौकरी को लेकर आशंकित था. सरकार की नीति के तहत तीसरे बच्चे के जन्म पर कर्मचारी की अनिवार्य रूप से सेवानिवृत्त कर दिया जाता है. इसी कारण उसने अपने तीसरे बच्चे को नहर में फेंकने का फैसला कर लिया.
इस मामले में बीकानेर के पुलिस अधीक्षक योगेश यादव ने कहा,
“दंपति को सोमवार, 23 जनवरी को अपनी बेटी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर स्थायी सरकारी नौकरी पाने के लिए ये कदम उठाया था.”
बीकानेर पुलिस अधीक्षक ने आगे बताया कि इस मामले में झवरलाल मेघवाल और उनकी पत्नी गीता देवी के खिलाफ छतरगढ़ थाने में FIR दर्ज कर ली है. पुलिस ने इस मामले में IPC की धारा 302 और 120 बी के तहत मामला दर्ज किया है.
वीडियो: पक्षियों के खिलाफ युद्ध! रेड-बिल्ड क्वेलिया पक्षियों को खत्म करने पर क्यों तुला ये देश?














