कर्नाटक के रामनगर में एक नाबालिग लड़की पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है. 17 साल की लड़की पर एसिड अटैक की ये घटना शुक्रवार, 17 फरवरी को अंजाम दी गई. पीड़ित लड़की का इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने प्रपोजल खारिज करने पर ये हमला किया. इससे लड़की की आंख सहित पीठ और कंधे का कुछ हिस्सा भी जला है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
प्रपोजल खारिज करने पर 22 साल के लड़के ने नाबालिग लड़की के चेहरे पर एसिड फेंका
आरोपी ने लड़की के घर के पास ही हमला किया.


कर्नाटक पुलिस ने इस मामले में 22 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी का नाम सुमंथ बताया गया है. आरोपी सुमंथ रामनगर के कनकपुरा का रहने वाला है. नाबालिग लड़की पर एसिड अटैक उसके घर के पास ही हुआ. 17 फरवरी की शाम जब लड़की पर अटैक हुआ, उस वक्त वो अपने छोटे भाई के साथ घर के पास ही थी.
प्रपोज करने आया था आरोपी!जानकारी के मुताबिक आरोपी लड़की को कई बार प्रपोज कर चुका था. लेकिन लड़की ने इनकार कर दिया था. पुलिस ने बताया,
सुमंथ ने लड़की को प्रपोज किया और लड़की ने इनकार कर दिया. सुमंथ एक बोतल लेकर आया था, जिसमें एसिड था. उसने एसिड लड़की पर फेंक दिया. लड़की दर्द से चीखने लगी. चीख सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे. तब तक, आरोपी मोटरसाइकिल से भाग चुका था.
पुलिस के मुताबिक इस अटैक में लड़की को आंख पर सेकंड- डिग्री बर्न हुआ है. लड़की का इलाज बेंगलुरु के एक अस्पताल में किया जा रहा है.
दोस्त के रूम से पकड़ा गयापुलिस ने अरोपी को शनिवार, 18 फरवरी को उसके दोस्त के रूम से गिरफ्तार किया. कनकपुरा पुलिस थाने में इंडियन पीनल कोड (IPC) की धारा 326-A (तेजाब का इस्तेमाल कर जानबूझकर चोट पहुंचाना) और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है.
जांच में पता चला है कि आरोपी सुमंथ करीब एक साल से लड़की का उत्पीड़न कर रहा है. पुलिस ने कहा,
हमले में इस्तेमाल किया गया एसिड इंडस्ट्रियल-ग्रेड मटेरियल नहीं है और वह डायल्यूट था. हालांकि, इससे भी नुकसान हो सकता है.
कर्नाटक सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री हलप्पा आचार ने 18 फरवरी को पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी घटनाओं के प्रति जीरो टॉलरेंस रखती है. उन्होंने बताया कि पीड़ित नाबालिग लड़की के पीठ, कंधे और आंखों पर चोट आई है. मंत्री की ओर से परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया गया है.
वीडियो: CCTV में कैद हुआ दिल्ली एसिड अटैक, सामने से आए दो लड़कों ने मुंह पर फेंका तेजाब!





















