स्पेन की राजधानी मैड्रिड से उरुग्वे की राजधानी मोंटेवीडियो जा रही एयर यूरोपा की एक फ्लाइट भयंकर टर्बुलेंस का शिकार हो गई. इस हादसे में 30 से ज्यादा यात्री घायल हो गए. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया. जिसमें एक यात्री झटका लगने के बाद प्लेन की छत में फंस गया. जिसे बाद में अन्य यात्रियों ने नीचे उतारा. एयर यूरोपा की फ्लाइट की ब्राज़ील के नेटल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई.
प्लेन टर्बुलेंस में ऐसा फंसा, विमान की छत से टकराए यात्री, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
Turbulence के दौरान विमान में एक यात्री प्लेन की छत में फंस गया, जिसे बाद में दूसरे यात्रियों ने मिलकर नीचे उतरा.


न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एयर यूरोपा की फ्लाइट UX045 के बोइंग 787-9 में ये घटना सोमवार एक जुलाई को हुई. फ्लाइट डाटा के अनुसार, मैड्रिड से उड़ान भरने वाली इस फ्लाइट में तकरीबन चार घंटे से अधिक समय तक टर्बुलेंस बना रहा. तेज ऊंचाई पर उड़ रहे इस प्लेन में अचानक से टर्बुलेंस शुरू हुआ. टर्बुलेंस की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि फ्लाइट को ब्राजील में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. अन्य यात्रियों को उरुग्वे भेजने के लिए दूसरे प्लेन की व्यवस्था की गई.
सोमवार को हुई इस घटना से जुड़े कई फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं. जिनमें देखा जा सकता है कि किस तरह से प्लेन के अंदर भारी नुकसान हुआ है. सीटें प्लेन की जमीन से उखड़ गई हैं. प्लेन की छत भी कई जगह से क्षतिग्रस्त हुई है. तेज झटकों की वजह से कई पैसेंजर्स विमान की छत से टकरा गए. इस दौरान एक यात्री ओवरहेड लगेज बिन में फंसा हुआ देखा जा सकता है, जिसे बाद में दूसरे यात्रियों ने मिलकर नीचे उतारा.
ये भी पढ़ें - सिंगापुर जा रहे विमान में 'टर्बुलेंस' से मची चीख-पुकार, एक यात्री की मौत
एयर यूरोपा ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी करते हुए कहा,
'भीषण टर्बुलेंस के कारण मोंटेवीडियो जाने वाली हमारी उड़ान को नेटाल की ओर डाइवर्ट कर दिया गया. विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई और घायलों का इलाज किया जा रहा है. आज दोपहर एक विमान यात्रियों को लेने और उरुग्वे की यात्रा जारी रखने के लिए मैड्रिड से उड़ान भरेगा. अधिक डेटा आने पर हम जानकारी का विस्तार करेंगे.’
ब्राजील के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, टर्बुलेंस के दौरान कुछ यात्रियों के सिर, गर्दन और छाती पर चोटें आईं हैं. जिनमें 36 यात्रियों की चोट का इलाज किया गया और 23 को अस्पताल ले जाया गया. इस हादसे के बाद कुछ यात्री सदमे में हैं. फ्लाइट में यात्रा कर रही उरुग्वे की एक यात्री इवेंजेलिना साराविया ने कहा,
'एक व्यक्ति प्लास्टिक की छत और उसके पीछे धातु की छत के बीच लटका हुआ था और उन्हें नीचे लाना पड़ा. ऐसा ही एक बच्चे के साथ भी हुआ.’
एक अन्य यात्री रोमिना अपाई ने कहा कि वह उस आदमी के बगल में बैठी थी, जो छत से टकरा गया था,
‘वह उड़कर फ्लाइट की छत में, लगेज बिन में फंस गया. बाकी यात्री सीट के ऊपर, अन्य लोगों के ऊपर गिर गए थे.’
रिपोर्ट के मुताबिक, प्लेन टर्बुलेंस के कारण इतनी गंभीर चोटें अपेक्षाकृत दुर्लभ है. फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के डाटा के अनुसार, 2009 और 2022 के बीच संयुक्त राज्य अमेरिका में फ्लाइट टर्बुलेंस से केवल 163 गंभीर चोटें दर्ज की गईं. लेकिन सोमवार को एयर यूरोपा में हुई ये घटना एक महीने के भीतर ऐसा दूसरा मामला है. हाल ही में सिंगापुर एयरलाइंस में टर्बुलेंस की एक घटना में विमान से यात्रा कर रहे एक 73 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. उस उड़ान में सवार 70 से अधिक अन्य लोग घायल हुए थे.
रिपोर्ट के मुताबिक, प्लेन टर्बुलेंस एक सामान्य घटना है और आमतौर पर यह खतरनाक नहीं होती. यह अक्सर तूफान और जेट स्ट्रीम सहित हवा की गति और दिशा में बदलाव के कारण होता है. इससे विमान की ऊंचाई और गति में अचानक बदलाव हो सकता है. ऐसे में जो यात्री सीट बेल्ट नहीं पहने रहते उनके घायल होने की संभावना बनी रहती है.
वीडियो: मनीष तिवारी ने संसद में नए अपराधिक कानूनों पर क्या कहा?





















