लखनऊ के गोसाईंगंज में एक मुर्गे की वजह से मर्डर हो गया. शुक्रवार की शाम दो भट्ठा मजदूर आपस में लड़ गए. एक ने दूसरे पर इल्जाम लगाया कि इसने मेरे मुर्गे की आंख फोड़ी है. झगड़ा इत्ता बढ़ा कि गोली चल गई.

गोसाईंगंज के बरकत गांव के पास सूर्या भट्ठा है. वहां मजदूरी करते हैं शमशाद और मेराज. सीतापुर के हैं दोनो. शुक्रवार की शाम को मुर्गे की बात पर दोनों में भिड़ंत हो गई. मेराज ने शमशाद पर उसके मुर्गे को मारने का इल्जाम लगाया. बात बढ़ी. शमशाद ने तमंचा निकाला और मेराज को गोली मार दी. गोली मेराज के गले में लगी, वहीं उसने दम तोड़ दिया. गांव वालों ने शमशाद को पकड़ लिया और जम कर कूटा. वो तो कहो जल्दी में पुलिस पहुंच गई नहीं तो वो भी मर जाता. अधमरी हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया.

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया तमंचा कब्जे में ले लिया है. पुलिस ने ये भी बताया कि मेराज और शमशाद रिश्तेदार हैं. किसी वजह से दोनों की रिश्तेदारी दुश्मनी में बदल गई थी. मुर्गे की लड़ाई ने उस दुश्मनी को इतना बढ़ाया कि एक की जान ही चली गई.