The Lallantop

ममता बनर्जी ने भाई से रिश्ता तोड़ा, हावड़ा लोकसभा सीट के उम्मीदवार से खुश नहीं थे बाबुन बनर्जी

ममता बनर्जी के छोटे भाई बाबुन बनर्जी ने कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो वो हावड़ा लोकसभा सीट से TMC प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं. TMC ने हावड़ा लोकसभा सीट से प्रसून बनर्जी को टिकट दिया है. इससे बाबुन बनर्जी नाखुश हैं.

Advertisement
post-main-image
ममता बनर्जी ने कहा कि बाबुन बनर्जी हर चुनाव से पहले समस्याएं पैदा करते हैं. (फोटो: PTI और फेसबुक)

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने अपने छोटे भाई बाबुन बनर्जी से सभी रिश्ते खत्म करने की बात कही है. CM ममता ने कहा है कि उन्होंने बाबुन बनर्जी के साथ सभी रिश्ते खत्म कर लिए हैं. ममता बनर्जी का ये बयान बाबुन बनर्जी के एक एलान के बाद आया. दरअसल, बाबुन बनर्जी ने हावड़ा सीट से तृणमूल कांग्रेस (TMC) कैंडिडेट के खिलाफ चुनाव लड़ने का संकेत दिया है. कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो वो ऐसा करेंगे.

Advertisement
पूरा मसला क्या है?

बता दें कि TMC ने हावड़ा लोकसभा सीट से प्रसून बनर्जी को टिकट दिया है. इससे ममता बनर्जी के छोटे भाई बाबुन बनर्जी नाखुश हैं. न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक बाबुन बनर्जी ने बुधवार, 13 मार्च को कहा,

"हावड़ा लोकसभा सीट से उम्मीदवार के चयन से मैं खुश नहीं हूं. प्रसून बनर्जी सही विकल्प नहीं हैं. ऐसे कई सक्षम उम्मीदवार थे, जिन्हें नजरअंदाज किया गया है."

Advertisement

प्रसून बनर्जी एक पूर्व फुटबॉलर हैं. अर्जुन पुरस्कार विजेता प्रसून हावड़ा सीट से दो बार लोकसभा सांसद चुने जा चुके हैं. 

ये भी पढ़ें- यूसुफ पठान TMC से लड़ेंगे चुनाव, अधीर रंजन से होगी टक्कर! ममता की लिस्ट में और कौन से बड़े नाम?

क्या BJP में जा सकते हैं बाबुन बनर्जी?

फिलहाल, बाबुन बनर्जी ने इससे इनकार ही किया है. हालांकि उन्होंने हावड़ा से निर्दलीय चुनाव लड़ने की बात कही है. TMC की ओर से प्रसून बनर्जी की उम्मीदवारी के खिलाफ बाबुन बनर्जी ने कहा,

Advertisement

“मुझे पता है दीदी (ममता बनर्जी) मुझसे सहमत नहीं होंगी. लेकिन अगर जरूरत पड़ी तो मैं हावड़ा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ूंगा. जब तक ममता दीदी हैं, मैं कभी पार्टी नहीं छोड़ूंगा और न ही किसी दूसरी पार्टी में शामिल होऊंगा. हां, मैं खेल से जुड़ा हूं, मैं कई ऐसे BJP नेताओं को जानता हूं, जो खेल से जुड़े हुए हैं, पर मैं BJP में नहीं जा रहा हूं.”

ममता बनर्जी बोलीं- 'बाबुन को मेरा भाई न कहें'

वहीं ममता बनर्जी ने अपने भाई के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह किसी भी भाई-भतीजावाद में शामिल नहीं होंगी. उन्होंने कहा,

"कुछ लोग लालची हो जाते हैं. मैं उन्हें (बाबुन बनर्जी को) परिवार का सदस्य नहीं मानती. हम उनके साथ सभी रिश्ते तोड़ देंगे. कृपया उनके साथ मेरा नाम इस्तेमाल न करें. उन्हें मेरा भाई न कहें. हम पार्टी की ओर से चुने गए उम्मीदवार का साथ देंगे."

ममता ने कहा,

"अगर मेरे परिवार से हर कोई लोकसभा टिकट की मांग करने लगे, तो मैं भी एक वंशवादी राजनेता बन जाऊंगी. ये पहली बार नहीं है, बल्कि वो (बाबुन) हर चुनाव से पहले समस्याएं पैदा करते हैं. वो जहां चाहे वहां जा सकते हैं. मुझे लालची लोग पसंद नहीं हैं."

ममता बनर्जी के छोटे भाई बाबुन बनर्जी उर्फ स्वपन बनर्जी खेल जगत में जाना पहचाना नाम हैं. वो बंगाल ओलंपिक एसोसिएशन के ज्वॉइंट सेक्रेटरी और तृणमूल कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के मुख्य संरक्षक हैं.

वीडियो: बंगाल पहुंचे PM Modi, संदेशखाली पर ममता बनर्जी को खूब सुनाया

Advertisement