ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म मेक माई ट्रिप (MakeMyTrip) ने दावा किया है कि जब से प्रधानमंत्री मोदी ने लक्षद्वीप (Lakshadweep) का दौरा किया है, तब से लक्षद्वीप को लेकर उनके प्लेटफॉर्म पर सर्च 3400% बढ़ गया है. कंपनी ने X पर 8 जनवरी को लिखा,
PM मोदी के जाने के बाद लक्षद्वीप घूमने की 'इच्छा' में 3400 पर्सेंट का उछाल!
मेक माई ट्रिप का कहना है कि ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्षद्वीप दौरे के बाद हुआ है.

“प्रधानमंत्री की यात्रा के बाद से लक्षद्वीप के लिए ऑन-प्लेटफ़ॉर्म सच में 3400% की बढ़ोतरी देखी है. लोगों की भारतीय बीचेज़ में बढ़ती रुचि को देखते हुए, मेक माई ट्रिप ने कई ऑफ़र और डिस्काउंट के साथ 'Beaches of India' कैंपेन लॉन्च किया है.”
इसके अलावा मेक माई ट्रिप के चीफ़ मार्केटिंग एंड बिज़नेस ऑफिसर राज ऋषि सिंह ने भी एक वीडियो जारी किया. इस वीडियो में प्लेटफॉर्म के ऑफर्स की जानकारी थी.
इससे पहले 8 जनवरी को ही ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी EaseMyTrip ने मालदीव की सभी फ्लाइट बुकिंग को सस्पेंड करने की घोषणा की थी. ट्रैवल कंपनी के को-फाउंडर और CEO निशांत पिट्टी ने सोशल मीडिया X (ट्विटर) पर बुकिंग सस्पेंड करने की जानकारी दी है. उन्होंने लिखा है,
“अपने राष्ट्र के साथ एकजुटता दिखाते हुए, EaseMyTrip ने मालदीव की सभी फ्लाइट बुकिंग को सस्पेंड कर दिया है.”
प्रधानमंत्री 4 जनवरी को लक्षट्वीप दौरे पर गए थे. जिसकी फ़ोटोज़ उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर की. उसके बाद मालदीव की युवा अधिकार, सूचना और कला उप-मंत्री मरियम शिउना ने PM मोदी की तस्वीर पर कॉमेंट किया. कॉमेंट में प्रधानमंत्री का मजाक बनाया गया. उन्हें जोकर तक कहा गया.
हालांकि इस कॉमेंट को बाद में डिलीट कर दिया गया. मालदीव की सत्तारूढ़ प्रोग्रेसिव पार्टी ऑफ मालदीव्स (PPM) के ही एक और सदस्य माएज महमूद ने भी एक तस्वीर शेयर की और लिखा,
“मालदीव का सूर्यास्त. ये आपको लक्षद्वीप में नहीं दिखेगा. इसीलिए मालदीव की यात्रा करें. सीसी: नरेंद्र मोदी."
मालदीव सरकार ने इस पूरे मसले से खुद को अलग करते हुए कहा कि ये बयान उन नेताओं के व्यक्तिगत बयान हैं. मालदीव के पूर्व-राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने शिउना की टिप्पणी की निंदा की. मालदीव सरकार ने भारत और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ टिप्पणी करने वाले तीनों मंत्रियों - मरियम शिउना, मालशा और हसन जिहान को सस्पेंड कर दिया है.
इस कार्रवाई के बाद भी सोशल मीडिया पर ये विवाद बढ़ता ही जा रहा है. खबर लिखे जाने तक X पर मालदीव और लक्षद्वीप का मुद्दा ट्रेंड कर रहा है. अधिकतर पोस्ट में मालदीव सरकार के प्रति नाराजगी दिखाई गई है. साथ ही लोगों से मालदीव की जगह लक्षद्वीप जाने को कहा जा रहा है.
ये भी पढ़ें: 'भारतीयों का गुस्सा जायज', मालदीव की सांसद ने माफी मांगते हुए क्या-क्या कहा?
वीडियो: मालदीव के मुद्दे पर हंगामा, सलमान, अक्षय और सचिन ने क्या कहा? PM मोदी पहुंचे थे लक्षद्वीप













