महाराष्ट्र का पालघर. 16 अप्रैल को यहां गड़चिनचले गांव में मॉब लिचिंग हुई. तीन लोग मारे गए. जमकर हंगामा हुआ. अब महाराष्ट्र सरकार ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की लिस्ट जारी की है. राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने 22 अप्रैल को ट्वीट कर लिस्ट शेयर की. इसमें 101 आरोपियों के नाम हैं. नौ आरोपी नाबालिग हैं, इस वजह से उनके नाम ज़ाहिर नहीं किये गए हैं.
पालघर मॉब लिंचिंग मामले के 101 आरोपियों की लिस्ट सरकार ने ट्विटर पर डाल दी है
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री ने मामले को धार्मिक रंग देने वालों पर गुस्सा निकाला.

इस घटना को कुछ लोगों ने धार्मिक रंग देने की भी कोशिश की थी. इस पर भी अनिल देशमुख ने जवाब दिया. लिखा,
'घटना में अरेस्ट हुआ कोई भी आरोपी मुस्लिम नहीं है. ये दुर्भाग्य की बात है कि इस घटना पर सांप्रदायिक राजनीति खेलने की कोशिश हुई.'
इसके अलावा अनिल देशमुख ने फेसबुक लाइव भी किया. जिसमें कहा,
'ये इलाका बहुत दुर्गम था. वहां अफवाह फैली थी काफी दिनों से कि कुछ लोग भेस बदलकर आते हैं और बच्चे उठा ले जाते हैं. इसी मुगालते में तीन लोगों को मार दिया गया.'
'कुछ लोग मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं. ये वक्त राजनीति का नहीं है. बल्कि कोरोना वायरस से लड़ने का है.'
क्या हुआ था पालघर में?
16 अप्रैल को महाराज कल्पवृक्ष गिरी, महाराज सुशील गिरी और उनका ड्राइवर निलेश सूरत जा रहे थे. रास्ते में पालघर के गड़चिनचले गांव से गुज़रे. यहां लोगों की भीड़ ने उन्हें रोक लिया. तीनों को गाड़ी से उतारा और पीट-पीटकर मार डाला. भीड़ को इन पर चोर होने का शक था. घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए.
घटना पर पालघर पुलिस ने बताया कि 110 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, नौ नाबालिग हैं, बाकि 101 लोगों को इस महीने की 30 तारीख तक के लिए पुलिस कस्टडी में लिया गया है. अब इन्हीं 101 लोगों की लिस्ट होम मिनिस्टर ने डाली है.
वीडियो देखें: पड़ताल: पालघर मॉब लिंचिंग में मुसलमानों के कनेक्शन का सच क्या है?









