The Lallantop

सरकारी कार्यक्रम में गर्मी से 11 लोगों की मौत, 123 बीमार, सामने बड़े-बड़े नेता बैठे थे!

गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र CM एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस कार्यक्रम में मौजूद थे...

Advertisement
post-main-image
16 अप्रैल को खारघर में हुआ महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह (फोटो- PTI)

महाराष्ट्र में भूषण अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान लू लगने से 11 लोगों की मौत हो गई. समारोह में शामिल हुए करीब 123 लोग गर्मी से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित हैं (Maharashtra Award Ceremony 11 Dead). करीब 13 लोगों को अस्पताल में भर्ती में कराया गया है. इसी कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के CM एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल भी मौजूद थे. मृतकों के घरवालों को 5 लाख रुपये देने की घोषणा की गई है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

दरअसल, 16 अप्रैल को खारघर के 306 एकड़ के बड़े मैदान में महाराष्ट्र भूषण अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन किया गया. लाखों लोग वहां पहुंचे थे. साढ़े 11 बजे के आसपास प्रोग्राम शुरू हुआ और दोपहर करीब एक बजे तक चला. लोगों के बैठने की व्यवस्था खुले में की गई थी. समारोह की तस्वीरों में दिख रहा है कि वहां शेड का कोई इंतजाम नहीं था.

Advertisement

कार्यक्रम में ड्यूटी कर रहे राजस्व विभाग के एक अधिकारी ने बताया,

कुल 123 लोगों ने कार्यक्रम के दौरान गर्मी से संबंधित स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों जैसे डीहाइड्रेशन की शिकायत की. घटनास्थल पर ICU की सुविधा वाले मेडिकल बूथों पर कुल 30 डॉक्टरों को तैनात किया गया था. लोगों को वहीं भेजा गया. बाद में करीब 13 लोगों को इलाज के लिए अलग-अलग प्राइवेट अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है. 

इधर, CM शिंदे ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों से मुलाकात भी की. उन्होंने कहा,

Advertisement

मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा. अस्पताल में भर्ती लोगों को सबसे अच्छा इलाज दिया जाएगा. मैं इस घटना से बहुत आहत हूं.

मामले पर डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा,

ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और दर्दनाक है कि महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह में भाग लेने वाले कुछ लोगों की लू लगने से मौत हो गई. अस्पताल के भर्ती लोगों के इलाज का खर्च राज्य सरकार उठाएगी. मैं ईश्वर से मरीजों के जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और NCP नेता अजित पवार ने भी MGM कमोठे अस्पताल में इलाज करा रहे लोगों से मुलाकात की. उद्धव ठाकरे ने कहा,

कार्यक्रम की योजना ठीक से नहीं की गई थी. इस घटना की जांच कौन करेगा?

इससे पहले, कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने आध्यात्मिक नेता और सामाजिक कार्यकर्ता दत्तात्रेय नारायण उर्फ ​​अप्पासाहेब धर्माधिकारी को पुरस्कार दिया. वो बोले कि उन्होंने कभी किसी व्यक्ति को समाज सेवा के लिए सम्मानित करने के लिए लाखों लोगों की इतनी बड़ी उपस्थिति नहीं देखी.

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: राम नवमी पर पश्चिम बंगाल से महाराष्ट्र तक आगजनी बवाल करने वाले कौन?

Advertisement