मध्यप्रदेश के सीधी में कई आदिवासी लड़कियों के साथ रेप का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक इन लड़कियों को किसी कॉलेज की महिला टीचर के नाम से फोन आता था. फोन पर लड़कियों को स्कॉलरशिप या सरकारी योजनाओं का फायदा दिलाने की बात कही जाती. फिर उन्हें कुछ डॉक्यूमेंट्स लेकर बुलाया जाता. जब वे बताई गई जगह पर पहुंचतीं तो उसके बाद किसी सुनसान जगर पर ले जाकर कथित तौर पर उनका रेप किया जाता.
आवाज बदलने वाले ऐप की मदद से कई आदिवासी छात्राओं का रेप, मध्यप्रदेश का ये केस सन्न करने वाला
मध्यप्रदेश के सीधी में कई आदिवासी लड़कियों के रेप के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी ने अभी तक ऐसी 7 घटनाओं को अंजाम देने की बात खुद स्वीकार की है.

न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक ऐसी अलग-अलग घटनाओं के बाद पूरे मामले से जुड़ी पहली FIR 16 मई को दर्ज कराई गई थी. इसमें रेप, किडनैपिंग, मारपीट और लूट का आरोप लगाया गया था. बताया गया कि इस FIR से जुड़ी घटना 13 मई को अंजाम दी गई. इसके बाद और शिकायतें दर्ज कराई गईं. पता चला कि इससे पहले 4 मई को भी ऐसी ही एक घटना हुई थी. उसकी FIR 18 मई को दर्ज हुई. फिर 20 मई को हुई घटना की FIR 23 मई को दर्ज कराई गई. वहीं 15 अप्रैल को हुई एक घटना की FIR 19 मई को POCSO एक्ट के तहत दर्ज कराई गई.
आजतक से जुड़े हरिओम सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक रीवा जोन के IG (इंस्पेक्टर जनरल) महेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि थाना मझौली पर एक लड़की ने फोन किया था. उसने बताया कि उसे एक महिला टीचर ने स्कॉलरशिप के नाम पर घर बुलाया था. कहा था कि उसका बेटा मिलेगा, जो उसे घर लेकर जाएगा.
ये भी पढ़ें- दिल्ली में ई-रिक्शा चालक ने महिला को अगवा कर रेप किया, विरोध करने पर सिर फोड़ा
IG ने आगे बताया,
“स्कॉलरशिप का आश्वासन मिलने पर लड़की वहां गई. उसके बाद एक लड़का उसे एक निर्जन स्थान पर ले गया. लड़की का आरोप है कि वहां उसके साथ रेप हुआ. जांच में आरोपी का नाम सामने आया. पता चला कि ये बृजेश प्रजापति नाम का व्यक्ति है. ये महिलाओं के नाम से खुद ही कॉल करता था और लड़कियों को बुलाता था.”
दर्ज कराई गई एक FIR के मुताबिक स्कॉलरशिप की बातचीत के बाद बृजेश प्रजापति खुद हेलमेट और दस्ताने पहनकर मोटरसाइकिल से पीड़िता को लेने आया. उसे सुनसान जगह पर ले गया और कथित तौर पर उसका रेप किया.
IG महेंद्र सिंह ने कहा,
“आरोपी ने अभी तक ऐसी 7 घटनाओं को खुद स्वीकार किया है. शुरू में दो पीड़िताएं आई थीं, उसके बाद दो और पीड़िताएं आईं. इस तरह इस मामले में 4 FIR दर्ज की गई हैं. इन चार FIR से ज्ञात हुआ कि इसमें और लोग भी शामिल हो सकते हैं. पूछताछ की गई तो इसमें चार लोगों के शामिल होने का पता चला. इनमें से एक लड़का एक साल पहले तक कॉलेज में पढ़ता था. बाद में उसने पढ़ाई छोड़ दी.”
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के नाम बृजेश प्रजापति, लवकुश प्रजापति, राहुल प्रजापति और संदीप प्रजापति हैं. अब तक की जांच में पता चला है कि ये लोग महिला की आवाज़ में बात करने के लिए एक ऐप का यूज करते थे. लड़कियों के नंबर किसी वॉट्सएप ग्रुप से निकालते थे. उन्हें एक-एक करके कॉल किया जाता था.
लड़कियों को विश्वास में लिया जाता था कि कॉल पर कॉलेज से जुड़ी ही कोई महिला है. ये लोग हर बार नये फोन का इस्तेमाल करते थे. इन लोगों के पास से 16 मोबाइल मिले हैं. मामले में और छानबीन की जा रही है. इसके लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई है.
वीडियो: घर में काम करने वाली बच्ची से रेप के आरोप में DSP गिरफ्तार











