लखनऊ (Lucknow) में पब्जी न खेलने देने पर मां की हत्या (Sadhna Murder) को लेकर नाबालिग का नया बयान सामने आ रहा है. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक लड़के ने माना कि उसने अपनी मां की लाश ठिकाने लगाने के लिए अपने एक दोस्त से मदद मांगी थी. दोस्त के मना करने पर आरोपी ने गन प्वाइंट पर उसे धमकाया भी.
PUBG मर्डर केस : नाबालिग ने मां की लाश ठिकाने लगाने के लिए दोस्त को ऑफर किए थे 5 हजार रुपये!
दोस्त ने मना किया तो गन प्वाइंट पर दी धमकी


आजतक के रिपोर्टर आशीष श्रीवास्तव के मुताबिक, आरोपी लड़के ने मां की हत्या के बाद अपने घर पर एक दोस्त को बुलाया था. इसके बाद आरोपी ने देर रात उसे अपनी मां के मर्डर के बारे में बताया और गन प्वाइंट पर लेकर मां के शव को ठिकाने लगाने के लिए कहा.
खबर के मुताबिक, आरोपी लड़के ने अपने दोस्त को इस काम के लिए पांच हजार रुपए का ऑफर भी दिया. इसके बावजूद दोस्त नहीं माना. इस पर आरोपी लड़के ने दोस्त को गन दिखाकर धमकी दी और कहा -
साथ दो, नहीं तो निकल जाओ, किसी को कुछ भी बताना नहीं.
लड़के के दोस्त ने उसका साथ देने से मना कर दिया और चुपचाप घर से चला गया.
बता दें मामले में आरोपी बच्चे ने मां की हत्या कबूल कर ली है और ऐसा करने के पीछे की वजह भी बताई है. नाबालिग का कहना है कि उसकी मां साधना उसे बहुत डांटती और टोकती थी. उसने बताया है कि मां उसे जान से मारने की धमकी भी देती थी.
कन्फेशन ने दौरान आरोपी ने बताया
गलती न होने पर भी ब्लेम मुझ पर आता था. मैं कई बार घर छोड़ कर चला गया. मेरी मां कहती थी काट के फेंक देंगे या जहर दे देंगे. वो छोटी-छोटी बात पर डांटती और टोकती थी. शनिवार को मम्मी ने मुझे एक घंटे तक बहुत मारा था. मैंने पापा की पिस्टल से अलमारी से निकाली और गोली मार दी.
आरोपी बेटे ने आगे बताया
सुबह जाकर मम्मी की डेथ हुई थी. कई घंटों तक मम्मी जिंदा रही थी और मैं बार-बार चेक करने जा रहा था कि वो मरीं या नहीं.
मर्डर बीते रविवार 5 जून को हुआ लेकिन हत्या की खबर बुधवार, 8 जून को बाहर आई. जब मृतका साधना सिंह की सड़ रही बॉडी से तेज बदबू आने लगी. साधना की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि मां की दाहिनी कनपटी पर सटाकर गोली मारी गई थी. जिससे उनकी मौत हो गई.
पुलिस ने हत्यारे लड़के को बुधवार शाम जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया था जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है. पुलिस के मुताबिक सवाल-जवाब के दौरान उसे अपने किए का कोई पछतावा नहीं था. बहरहाल पुलिस ने कहा है कि उसकी काउंसलिंग कराई जाएगी.
देखेें वीडियो- CM योगी से मिलने पहुंचे युवक की मौत केसे? लखनऊ कमिश्नर ने ये बताया
















