सन् 1881 में, स्पेन में जन्मे पाब्लो पिकासो आज एक मुहावरा हैं. "ख़ुद को पिकासो समझ रहा.." ये आप सुनते होंगे. 20वीं सदी के महानतम पेंटर्स/आर्टिस्ट्स में शुमार पिकासो जब 13 साल के हुए तो इस क्राफ्ट में अपने प्रोफेसर पिता को भी पीछे छोड़ दिया. एक और पिकासो हुआ है. दो साल का है. डायपर पहने पेंटिंग्स बनाता है. लाखों में बिकती है. प्रदर्शनियों में लगती हैं. इंटरनेशनल अख़बारों के फ्रंट पेज पर छप चुका है.
दो साल का बच्चा डायपर में पेंटिंग बनाता है और लाखों में बेचता है
जिस उम्र में बच्चे घर की दीवारें काली करते हैं, उस उम्र में जर्मनी का एक डायपरधारी बच्चा सुंदर एब्सट्रैक्ट पेंटिंग्स बनाता है. जो एग्जिबीशन में लगती हैं और लाखों में बिकती हैं. जाने 2-year-old baby artist Laurent Schwarz की कहानी.

ये बच्चा है जर्मनी का लॉरेंट श्वॉर्ट्स. न्यू यॉर्क पोस्ट की ख़बर के मुताबिक, लॉरेंट की कई पेंटिग्स दुनिया भर में बेची जा चुकी हैं. इनमें से कुछ की कीमत लगभग 7 हजार डॉलर तक पहुंची. भारतीय रुपये में ये रकम लगभग 5.84 लाख रुपये बैठती है. इन पेंटिंग्स को म्यूनिख के सबसे बड़े आर्ट फेयर 'ART MUC' में प्रदर्शित किया जा चुका है.
लॉरेंट की पेंटिंग्स में जानवरों के चित्र होते हैं. इनमें हाथी, डायनासोर और घोड़े शामिल हैं. हाथी उसके पसंदीदा जानवरों में से एक है. लेकिन जिन पेंटिंग्स की वजह से वो मशहूर है वो सब ऐब्सट्रैक्ट हैं. मतलब अमूर्त चित्र. इनमें चित्रकार अपनी पेंटिंग में स्पष्ट तस्वीरें नहीं बनाता, बल्कि कुछ आकृतियों के जरिए अपनी बात कहता है, कोई मैसेज छोड़ता है. इस कला को समझने वाले इन पेंटिंग्स में दिलचस्पी दिखाते हैं. अमूर्त चित्रों को अपने नजरिये से देखते-समझते हैं, उनकी व्याख्या करते हैं.
न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, लॉरेंट की ये कला 2023 में सामने आई. वो अपने परिवार के साथ छुट्टी मनाने बाहर गया था. सब लोग एक रिज़ॉर्ट में ठहरे थे. यहां का एक्टिविटी रूम देखकर लॉरेंट काफी उत्साहित हुआ. उसका परिवार बताता है कि यहीं से चित्रकला में उसकी रुचि जागी.
परिवार ने भी छोटे बच्चे की उम्र के आगे उसकी कला की दिलचस्पी को अनदेखा नहीं किया. घर लौटने पर माता-पिता ने उसके लिए एक आर्ट स्टूडियो बनाया. वहां पर उसने अपनी कला को और भी निखारा. माता-पिता ने देखा कि वह कैनवास को रंगों से भर रहा है.
बेटे की प्रतिभा को देखते हुए लॉरेंट की मां लीज़ा ने एक इंस्टाग्राम अकाउंट 'laurents.art' बनाया. इस पर वो लॉरेंट की पेंटिंग्स पोस्ट करती हैं. इस अकाउंट के 29,000 से ज़्यादा फ़ॉलोअर्स हैं. इसने लीजा को पेंटिंग्स ऑनलाइन बेचने के लिए प्रेरित किया. पेंटिग्स बिकी भी. अब उनका बेटे मिनी पिकासो के नाम से मशहूर हो गया है.
हालांकि कम उम्र वाले कलाकार के मामले में वो अकेला नहीं है. घाना के ऐस-लियाम (Ace-Liam Nana Sam Ankrah) को लेकर दावा किया जाता है कि उन्होंने 6 महीने की उम्र से ही पेंटिंग बनाना शुरू कर दिया था. उनका नाम हाल ही में Guinness World Records में शामिल किया गया. उन्हें दुनिया के सबसे कम उम्र के चित्रकार के रूप में मान्यता दी गई है.
(ये स्टोरी हमारे साथ इंटर्नशिप कर रहे साथी आनंद ने लिखी है.)
वीडियो: Undekhi 3 Web Series Review: दुष्टों का सत्यबोध!











