The Lallantop

इजरायल पर हमास के हमले में भारतीय महिला घायल, पति को कॉल किया था तभी...

केरल की शीजा आनंद इजरायल में नर्स का काम करती हैं. वो फोन पर भारत में रह रहे अपने पति से बात कर रही थीं कि तेज़ आवाज़ सुनाई देने के साथ फोन कट गया. इसके बाद शीजा के परिवार को पता चला कि वो घायल हो गई हैं और हॉस्पिटल में एडमिट हैं.

Advertisement
post-main-image
इजरायल में हमाल के हमले के दौरान घायल हुई भारतीय महिला की पहचान केरल की शीजा आनंद के तौर पर हुई है. (फोटो: इंडिया टुडे और रॉयटर्स)
author-image
शिबीमोल केजी

इजरायल पर हमास के हमले (Hamas attack) में एक भारतीय महिला के घायल होने की खबर है. उसकी पहचान केरल की शीजा आनंद के तौर पर हुई है. 41 साल की शीजा इजरायल में नर्स का काम करती हैं. जब हमास ने 7 अक्टूबर को इजरायल पर हमला किया, उस दौरान शीजा अपने परिवार को फोन कर अपनी सलामती की जानकारी दे रही थीं. बताया जा रहा है कि पति से वीडियो कॉल के दौरान ही अचानक कॉल कट गई थी. संपर्क कटने से पहले ‘तेज़ आवाज़’ सुनाई दी थी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ये भी पढ़ें- हमास का इजरायल पर एक और हमला, धमाकों की आवाज से गूंजा येरूसलम

हमास के हमले में घायल हुई भारतीय नर्स

खबरों के मुताबिक 7 अक्टूबर को इजरायल पर हमास के हमले के बाद शीजा ने अपने परिवार से संपर्क कर बताया कि वह सुरक्षित हैं. उसी दिन दोपहर में उन्होंने दोबारा पति को फोन किया था, लेकिन पूरी बात नहीं हो पाई. तेज़ आवाज़ सुनाई देने के साथ फोन कट गया था. शाम को पता चला कि शीजा घायल हो गई हैं. परिवार को उनके हाथ और पैर में चोट आने की जानकारी दी गई थी. बताया गया था कि हॉस्पिटल में शीजा का इलाज हो रहा है.

Advertisement

इंडिया टुडे की शिबिमोल केजी की रिपोर्ट के मुताबिक शीजा की बहन ने टीवी चैनलों को बताया,

"बातचीत के बीच में कॉल कट गई. उसके बाद कई घंटों तक हम उससे संपर्क नहीं कर सके. बाद में शाम को उसके साथ काम करने वालों ने हमें बताया कि वह हमले में घायल हो गई है और उसका फोन कहीं गिर गया है." 

'स्पाइनल सर्जरी के लिए शिफ्ट किया गया'

8 अक्टूबर की दोपहर को परिवार ने शीजा को वीडियो कॉल पर देखा. इस दौरान शीजा ने अपनी मां से कहा, ‘अम्मा, मैं ठीक हूं.’

Advertisement

शीजा की बहन ने बताया कि उनके परिवार को जानकारी दी गई है कि अब शीजा की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी होनी है, जिसके लिए उन्हें दूसरे हॉस्पिटल में शिफ्ट किया जा रहा है. शीजा की बहन ने बताया,

"हमें लगा था कि केवल उसके हाथ और पैर ही घायल हुए थे. अब पता चला है कि उसकी रीढ़ की हड्डी भी घायल हो गई है."

शीजा पिछले 7 साल से इजरायल में काम कर रही हैं. शीजा आनंद के पति पुणे में नौकरी करते हैं. उनके दो बच्चे हैं, जो पिता के साथ भारत में हैं. 

इजरायल और हमास के बीच जारी जंग में अब तक 1200 से ज्यादा मौतें हुई हैं. इजरायल में कम से कम 800 लोग मारे गए हैं और 2,100 से अधिक घायल हुए हैं. वहीं इजरायल के जवाबी हमले में गाजा पट्टी में लगभग 500 लोगों की मौत और 2,000 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है.

ये भी पढ़ें- इजरायल पर हमला करने वाला हमास का मास्टरमाइंड, जो कभी सामने नहीं आता

Advertisement