केरल ट्रेन अग्निकांड के आरोपी शाहरुख से जुड़ी नई जानकारी सामने आई है. उसके पास से एक डायरी मिली है (Kerala Train Fire Shahrukh Diary). उसमें कुछ हाथ से लिखे नोट भी हैं. लिखा है- ‘लेट्स डू इट’ यानी चलो ये करते हैं. उसमें ‘कुफ्र’ और ‘रौशन होना’ जैसे शब्द भी लिखे हैं. जांच में पता चला है कि शाहरुख एक यूट्यूब चैनल भी चलाता था. वो पेशे से एक कारपेंटर है और चैनल पर अपने काम के वीडियो डालता था. इस पर ज्यादा व्यूज या सब्सक्राइबर नहीं हैं.
केरल ट्रेन अग्निकांड के आरोपी शाहरुख पर थी कट्टरपंथियों की नजर, डायरी में क्या लिखा मिला?
शाहरुख सैफी यूट्यूब चैनल भी चलाता था.


पता चला है कि शाहरुख सैफी के पास बचने का एक बैकअप प्लान था. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, जांचकर्ताओं को शक है कि आरोपी किसी कट्टर समूह का हिस्सा है और ट्रेन अग्निकांड की घटना के पीछे किसी और शख्स का भी हाथ है. हालांकि, अब तक की पूछताछ में शाहरुख ने यही बताया है कि वो अकेले काम करता है.
कट्टरपंथियों का हाथ!जांच में ये भी पता चला है कि कुछ लोग शाहरुख को कट्टरपंथी बनाना चाहते थे. उन्होंने पहले शाहरुख का यूट्यूब चैनल ट्रैक किया और फिर उससे संपर्क कर साथ काम करने को कहा. मामले की जांच कर रही एजेंसियों का मानना है कि जून 2022 के बाद शाहरुख कुछ लोगों के संपर्क में आया और अपनी जीवनशैली में बदलाव करना शुरू किया. शाहरुख ने डायरी में बार-बार धूम्रपान छोड़ने और अपनी बुरी आदत को बदलने का जिक्र किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख के परिवार का दावा है कि उसने कभी गहरे रूप से धार्मिक होने के कोई संकेत नहीं दिए.
आरोपी शाहरुख की उम्र 24 साल है. वो दिल्ली के शाहीन बाग का रहने वाला है. 31 मार्च को ही आरोपी के पिता ने पुलिस थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई थी. सैफी के अचानक घर से गायब होने और केरल की ट्रेन में पहुंचने को लेकर जांच चल रही है.
ट्रेन में क्या हुआ था?घटना केरल के कोझिकोड में रविवार, 2 अप्रैल को 'अलप्पुझा-कन्नूर एक्जीक्यूटिव एक्सप्रेस' में हुई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी का ट्रेन में सीट को लेकर बाकी यात्रियों से विवाद हो गया था. आरोप है कि उसने यात्रियों पर ज्वलनशील पदार्थ फेंककर आग लगा दी. इस हमले में 9 यात्री झुलसकर घायल हो गए. बचने के लिए कुछ यात्री डिब्बों से बाहर कूद पड़े. ये कोशिश तीन यात्रियों के लिए जानलेवा साबित हुई. मारे गए इन यात्रियों में एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल है. घटना की जांच के दौरान पुलिस को रेलवे ट्रैक से इन लोगों के शव मिले.
घटना में आतंकवाद का ऐंगल होने से इनकार नहीं किया गया है. NIA की टीम मामले की जांच के लिए केरल के कन्नूर पहुंची थी. केरल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ IPC की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. रेलवे पुलिस ने भी रेलवे अधिनियम की धाराएं जोड़ी हैं. खबर है कि एजेंसियां UAPA की धाराएं जोड़ने पर विचार कर रही हैं.
वीडियो: ट्रेन में महिला पर पेशाब करने वाले की नौकरी गई, और क्या-क्या हुआ?






















