केरल के एर्नाकुलम जिले के कलामसेरी शहर में हुए विस्फोट (Kerala Kalamssery Blasts) में 3 लोगों की मौत हो गई है. इनमें मलयट्टूर की रहने वाली एक 12 साल की लड़की लिबिना भी शामिल है, जिसने कलामसेरी के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 29 अक्टूबर की देर रात दम तोड़ दिया.
केरल सीरियल ब्लास्ट में बढ़ी मरने वालों की संख्या, आरोपी ने क्या 'खुलासा' किया?
केरल के कलामसेरी शहर के कन्वेंशन सेंटर में 29 अक्टूबर की सुबह 3 धमाके हुए. इसमें अभी तक 2 महिलाओं समेत 3 लोगों की मौत हो चुकी है. एक 12 साल की लड़की लिबिना ने 29 अक्टूबर की देर रात अस्पताल में दम तोड़ दिया.


न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गणेश मोहन ने बताया,
"लिबिना को 29 अक्टूबर की सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उसके शरीर का 95 फीसदी हिस्सा गंभीर रूप से जला हुआ था. वेंटिलेटर सपोर्ट मिलने के बावजूद लिबिना की हालत बिगड़ती गई और देर रात 12:40 पर उसकी मौत हो गई."
कलामसेरी के कन्वेंशन सेंटर में 29 अक्टूबर की सुबह यहोवा विटनेस समुदाय के एक सम्मेलन में 3 धमाके हुए. ये 3 दिनों के सम्मेलन का आखिरी दिन था. इस घटना में लिबिना से पहले 2 महिलाओं की मौत हो चुकी है. वहीं, करीब 50 लोग घायल हुए हैं.
मुख्यमंत्री ने बुलाई सर्वदलीय बैठकधमाके के कुछ देर बाद ही एक आदमी ने इसकी जिम्मेदारी लेते हुए त्रिशूर जिले के पुलिस थाने में सरेंडर किया. न्यूज़ एजेंसी ANI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, केरल में कानून और व्यवस्था के ADGP एम. आर. अजित कुमार ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया,
“त्रिशूर ग्रामीण के कोडाकरा पुलिस स्टेशन में एक व्यक्ति ने सरेंडर किया है. उसका दावा है कि उसने ही कलामसेरी में हुए धमाके किए. उसका नाम डोमिनिक मार्टिन है और उसने ये भी दावा किया कि वो यहोवा विटनेस समुदाय से ही ताल्लुक रखता है. हम इसकी पुष्टि करने की कोशिश कर रहे हैं. इस मामले के सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है.”
ये भी पढ़ें- केरल: ब्लास्ट की जिम्मेदारी लेते हुए एक व्यक्ति ने सरेंडर किया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डोमिनिक मार्टिन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो मैसेज डालकर बताया कि उसने कलामसेरी में विस्फोट इसलिए किया क्योंकि यहोवा विटनेस समुदाय देशद्रोह की शिक्षा देता है. उसने ये भी दावा किया कि ये संगठन और उसकी विचारधारा देश के लिए खतरनाक है. इसके चलते इसे खत्म करना जरूरी है.
डोमिनिक मार्टिन ने दावा किया कि उसने कई बार संगठन को अपनी शिक्षा को सुधारने के लिए कहा. लेकिन वे अपनी शिक्षा में बदलाव करने के लिए तैयार नहीं हैं. उसने कहा,
"क्योंकि मेरे पास कोई और रास्ता नहीं था, इसलिए मैंने ये फैसला लिया."
इस घटना के बाद केरल के मुख्यमंत्री पिनारई विजयन ने एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है. ये 30 अक्टूबर की सुबह 10 बजे सचिवालय में मुख्यमंत्री कॉन्फ्रेंस हॉल में होगी.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी(NIA) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड(NSG) को जांच के निर्देश दे दिए हैं.
ये भी पढ़ें- केरल में ईसाई समुदाय के कार्यक्रम के दौरान धमाका
वीडियो: केरल ब्लास्ट: सभा शुरू हुई, कुछ मिनटों बाद 3 धमाके, अमित शाह ने इन टीमों को भेज दिया



















