The Lallantop

कासगंज: हिरासत में मौत पर पुलिस की थ्योरी की पोल इस फोटो ने खोल दी!

पुलिस ने कहा था, 'अल्ताफ ने जैकेट की डोरी को नल में फंसाकर अपना गला घोंटा.'

Advertisement
post-main-image
अल्ताफ की मौत पिछले साल नवंबर में हुई थी.
उत्तर प्रदेश के कासगंज में पुलिस लॉकअप में एक 22 वर्षीय युवक अल्ताफ़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. अल्ताफ़ के परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस अधिकारियों के मुताबिक़, युवक ने लॉकअप के टॉयलेट में फांसी लगाई. उसे अस्पताल ले जाया गया. वहां चंद मिनट चले इलाज के बाद अल्ताफ़ की मौत हो गई. ये जानकारी सामने आई तो बवाल मच गया.
अल्ताफ की मौत के पीछे पुलिस ने जो थ्योरी बताई है उसने लोगों का विशेष रूप से ध्यान खींचा है. इस दिलचस्प थ्योरी के मुताबिक अल्ताफ ने लॉकअप में बने टॉयलेट के अंदर लगे नल में अपनी जैकेट के हुड में लगी डोरी को फंसाया और अपना गला घोंटने की कोशिश की. बताया गया कि काफी देर तक वो बाहर नहीं निकला तो पुलिसकर्मी अंदर गए और बेहोशी की हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया. हालांकि अल्ताफ की जान नहीं बचाई जा सकी.

पुलिस की थ्योरी पर उठे सवाल

कासगंज पुलिस जिस टॉयलेट की बात कर रही है उसकी फोटो सामने आई है. इसमें दिख रहा है कि टॉयलेट में लगा नल प्लास्टिक का है और जमीन से केवल दो फीट की ऊंचाई पर दीवार से फिक्स है. लोग सवाल कर रहे हैं कि कोई इंसान प्लास्टिक के पाइप वाली 2 फीट ऊंची टोंटी में फंदा लगाकर कैसे अपना गला घोंट सकता है. कुछ ट्वीट देखिए, जिनमें लोगों ने पुलिस पर सवाल उठाए हैं और उसकी थ्योरी पर तंज भी कसे हैं.

अल्ताफ के पिता क्या बोले?

अल्ताफ के पिता चाहत मियां ने कासगंज पुलिस पर उनके बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है. उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा,
“मैंने 8 नवंबर को खुद अपने बेटे को घर से पुलिसवालों के हवाले किया. उस पर लड़की को भगाने का आरोप था. जब मैं चौकी आया तो मुझे भगा दिया गया. आज 24 घंटे बाद मुझे पता चला कि मेरे बेटे को हवालात में फांसी लगा दी गई है. बड़े थाने (कासगंज सदर कोतवाली) में ये घटना हुई है. मैंने पुलिसवालों को अपने बेटे को सौंपा था, इसलिए शक है कि पुलिसवालों ने ही ये फांसी लगाई है.”
इस मामले को लेकर मची गहमागहमी के बीच आजतक की टीम कासगंज पहुंची. उसने पुलिस लॉकअप के वॉशरूम का वीडियो भी बनाया जिसमें अल्ताफ के बेहोश मिलने का दावा पुलिस ने किया है.
Kasganj
स्क्रीनशॉट- आजतक

आजतक की पड़ताल में वॉशरूम के अंदर सिर्फ एक नल दिखा जो कि जमीन से करीब दो फीट की ऊंचाई पर था. उसी पाइप में एक टोटी लगी हुई है. इसके अलावा पूरे वॉशरूम में न कोई पाइप है और न ही कोई कुंडी. हवालात के अंदर सीसीटीवी कैमरा लगा है, जिसकी फुटेज अभी सामने नहीं आई है.

Advertisement
Advertisement