कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इस सवाल पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है. कांग्रेस नेताओं ने कह दिया है कि आज तो इस पर कोई फैसला नहीं आया. अब कल देखते हैं क्या होता है. कर्नाटक CM की कुर्सी के दो सबसे मजबूत दावेदार हैं पूर्व सीएम सिद्धारमैया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार. पार्टी के चुनाव जीतने में इन दोनों ही नेताओं को बहुत बड़ा हाथ है. लेकिन चुनाव के समय दिखी एकता सीएम पद की रेस में टूटती दिख रही है. कांग्रेस के सूत्रों ने बताया है कि शिवकुमार ने सीएम पद के लिए अपना दावा ठोक दिया है.
डीके शिवकुमार ने खरगे से साफ कहा, 'मुझे CM बनाओ वर्ना...', सिद्धारमैया उखड़ जाएंगे
कर्नाटक का CM कौन होगा? सस्पेंस बरकरार है.


दिल्ली में बैठी कांग्रेस आलाकमान के यहां दोनों ही नेताओं ने हाजिरी दी है. सोमवार, 15 मई को सिद्धारमैया राजधानी आए और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मिले. वहीं डीके शिवकुमार मंगलवार, 16 मई को पहुंचे. दोनों की शीर्ष नेतृत्व से क्या बात हुई, इसे लेकर सूत्रों के हवाले से जानकारियां आ रही हैं. उनके मुताबिक डीके शिवकुमार ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से कहा है कि वो CM बनना चाहते हैं.
आर या पार वाली बात बोल गए शिवकुमार?इंडिया टुडे के नागार्जुन द्वारकानाथ और सगाय राज की रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि शिवकुमार ने पार्टी चीफ मल्लिकार्जुन खरगे को 2019 की बात याद दिलाई. शिवकुमार ने कहा कि 2019 में जब कांग्रेस-JD(S) की गठबंधन की सरकार गिरी थी, तब उन्होंने ही राज्य में पार्टी को फिर से मजबूत किया था.

सूत्रों ने बताया कि शिवकुमार ने सिद्धारमैया का नाम लेकर कांग्रेस प्रमुख से कहा कि उन्हें पहले ही CM बनने का मौका दिया जा चुका है और अब उनकी (शिवकुमार) बारी है. बताया जा रहा है कि डीके शिवकुमार CM पद की मांग से पीछे नहीं हट रहे हैं. उन्होंने खरगे से कहा है कि अगर CM की कुर्सी नहीं दी जाती है, तो वह पार्टी में विधायक के तौर पर ही काम करना पसंद करेंगे.
रिपोर्ट के मुताबिक शिवकुमार ने खरगे से ये भी कहा कि CM के तौर पर सिद्धारमैया का कार्यकाल 'बुरा शासन' था. ये भी कहा कि तब कर्नाटक का प्रमुख लिंगायत समुदाय सिद्धारमैया के खिलाफ था.
क्या CM पद के लिए सिद्धारमैया का पलड़ा भारी है?वहीं पार्टी सूत्रों के मुताबिक सिद्धारमैया का नाम ही CM पद के लिए सबसे आगे है. ज्यादातर विधायक पूर्व मुख्यमंत्री के समर्थन में हैं. यहां तक कि डीके शिवकुमार के खेमे के कई विधायक दोनों नेताओं में से किसी एक के साथ खड़े होने से बच रहे हैं, क्योंकि सिद्धारमैया ने चुनाव के दौरान उनके लिए भी प्रचार किया था.
13 मई को कर्नाटक चुनाव के नतीजे आने के बाद 14 मई को कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक रखी थी. विधायक दल ने सीएम चुनने का फैसला कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर छोड़ दिया था. बताया जा रहा है कि खरगे सोनिया गांधी और राहुल गांधी से चर्चा के बाद कर्नाटक का CM तय करेंगे. सोनिया गांधी अभी शिमला में हैं.
ये भी पढ़ें- सिद्धारमैया दिल्ली में, डीके शिवकुमार ने 'पेट खराब' बताकर दौरा कैंसिल कर दिया
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: कर्नाटक CM के लिए सोनिया, राहुल, खरगे की पसंद सिद्धारमैया या डीके शिवकुमार?













.webp?width=275)



.webp?width=120)



