The Lallantop

जेफरी एपस्टीन ने खरीदे डॉक्टर, महिलाओं के मस्से हटाते, यौन संक्रमण का इलाज करते

अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट के डॉक्यूमेंट्स से पता चला है कि जेफरी एपस्टीन के पास विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम थी, जिनसे वो अपने अनैतिक कामों में मदद लेता था. इनसे पता चला है कि साल 2009 से लेकर 2019 तक एपस्टीन एक दर्जन से ज्यादा डॉक्टर्स के संपर्क में था.

Advertisement
post-main-image
जेफरी एपस्टीन से जुड़े कुछ और खुलासे सामने आए हैं. (इंडिया टुडे)

अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े नए डॉक्यूमेंट्स जारी किए हैं. इन डॉक्यूमेंट्स से पता चला है कि एपस्टीन के पास विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम थी. ये डॉक्टर्स एपस्टीन का इलाज करते थे. लेकिन साथ ही इनका इस्तेमाल वह अपने साथ यौन संबंध बनाने वाली युवा महिलाओं को बरगलाने के लिए भी करता था. बदले में वह इन डॉक्टरों को गिफ्ट, डोनेशन और कई तरह की आर्थिक मदद दिया करता था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एपस्टीन महिलाओं को पेल्विक टेस्ट (रूटीन यौन जांच), लिपोसक्शन (फैट हटाने की कॉस्मेटिक सर्जरी) और मस्से हटवाने की सलाह दिया करता था. कई मौकों पर इन महिलाओं के इलाज का खर्च वह खुद ही उठाता था. हालांकि कभी-कभी वह अचानक महिलाओं का इलाज कराना बंद भी कर देता था. एक बार उसके एक सहायक ने उसे एक महिला की रिक्वेस्ट फॉरवर्ड की. महिला ने अपने मुंहासे के इलाज के लिए 600 डॉलर मांगे थे. एपस्टीन ने जवाब दिया, ‘उसे अनदेखा करो.’

जस्टिस डिपार्टमेंट के दस्तावेजों से पता चलता है कि कुछ डॉक्टर्स ने एपस्टीन की मदद के लिए अपने पेशे के नैतिक नियमों को ताक पर रख दिया. एक डॉक्टर ने एपस्टीन के साथ यौन संबंध बनाने वाली महिलाओं को गोनोरिया (यौन संक्रमण) के इलाज के लिए कहीं और भेज दिया. ताकि सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारी उसका नाम एपस्टीन से नहीं जोड़ सकें. कुछ डॉक्टर्स ने मरीजों के स्वास्थ्य से जुड़ी निजी जानकारी एपस्टीन के साथ शेयर की. एक महिला ने इसको लेकर नाराजगी भी जताई थी. उसने लिखा, 

Advertisement

‘जिन डॉक्टरों को आप पेमेंट करते हैं वे सभी आपको मेरे इलाज के बारे में पूरी जानकारी देते रहते हैं.’ 

उस महिला ने आगे लिखा कि वह नहीं चाहती थी कि जिस मनोचिकित्सक से वह मिलने की योजना बना रही थी वो भी ऐसा ही करे. एपस्टीन ने उसकी आपत्तियों को हल्के में लेते हुए कहा,

‘डॉक्टर मेरे लिए समय निकालते हैं क्योंकि वो चाहते हैं कि मैं खुश रहूं.’

Advertisement

जेफरी एपस्टीन अपनी पसंद के डॉक्टरों को बहुत सारी सुविधाएं मुहैया कराता था. वह डॉक्टर्स को एप्पल वॉच गिफ्ट करता था. मशहूर हस्तियों से परिचय कराता था और अपने प्राइवेट द्वीप और न्यू मैक्सिको स्थित फार्महाउस में छुट्टियां मनाने के लिए भेजता था. आर्थिक परेशानी से जूझ रहे एक त्वचा रोग विशेषज्ञ ने उसे अपनी कार की लीज पर सिग्नेचर करने का अनुरोध किया था.

एपस्टीन ने कुछ डॉक्टर्स के रिसर्च प्रोजेक्ट्स और चैरिटी के लिए काफी पैसे डोनेट किए. उसने माउंट सिनाई अस्पताल को 3 लाख 75 हजार डॉलर (3 करोड़ 41 लाख रुपये) से ज्यादा का डोनेशन दिया था. इसमें से अधिकतर पैसे अस्पताल के स्तन कैंसर केंद्र को दिया गया था, जिसकी स्थापना डॉ. ईवा डुबिन ने की थी. डॉ. डुबिन एपस्टीन के लिए माउंट सिनाई अस्पताल में डॉक्टरों से संपर्क साधने का माध्यम बनीं. वह एपस्टीन के करीबी मित्रों और महिलाओं को वहां के डॉक्टर्स से कनेक्ट कराती थीं. उन्होंने एपस्टीन की रिक्वेस्ट पर कम से कम दो युवतियों को अस्पताल में नौकरी भी दिलवाई थी.

डॉ. ईवा डबिन के प्रतिनिधि ने एक बयान जारी कर बताया है कि उन्होंने एपस्टीन सहित अपने कई सहयोगियों और मित्रों के लिए सैंकड़ो डॉक्टर्स का रेफरेंस दिया था. उन्होंने दोस्ती के नाते एपस्टीन की मदद की थी. उन्हें एपस्टीन के आपराधिक आचरण के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. वहीं माउंट सिनाई अस्पताल ने एपस्टीन के साथ अपने संबंधों की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया है.

न्यूयॉक टाइम्स ने एपस्टीन फाइलों में से 15 हजार से ज्यादा फाइलों की स्टडी की है. इनमें टेक्स्ट मैसेज, ईमेल, लैब रिपोर्ट और वित्तीय रिकॉर्ड शामिल हैं. इनसे पता चला है कि साल 2009 से लेकर 2019 तक एपस्टीन एक दर्जन से ज्यादा डॉक्टर्स के संपर्क में था. हालांकि इसमें शामिल महिलाओं के नाम काफी हद तक छिपा दिए गए हैं.

डॉ. डुबिन एपस्टीन की सबसे करीबी डॉक्टर थीं. वह माउंट सिनाई अस्पताल में डुबिन ब्रेस्ट सेंटर की संस्थापक थीं. मिस स्वीडन रह चुकी डुबिन ने मेडिकल स्कूल में पढ़ाई के दौरान एपस्टीन को डेट किया था. हेज फंड अरबपति ग्लेन डुबिन से शादी करने के बाद भी वो एपस्टीन की करीबी विश्वासपात्र बनी रहीं. एपस्टीन इलाज संबंधी जरूरतों के लिए उनकी मदद लेता था. 

वीडियो: राजधानी: प्रधानमंत्री मोदी के इजरायल दौरे को कांग्रेस ने एपस्टीन फाइल से जोड़ दिया

Advertisement