ACB को रेड के दौरान पाइप में नोटों से भरा बंडल मिला. (वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉर्ट)
एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर जबर्दस्त वायरल है. वीडियो में दिख रहा है कि कुछ लोग एक घर में लगे पाइप से 500 रुपए के नोटों की गड्डी, नहीं गड्डियां निकाल रहे हैं, और एक पीले रंग की बाल्टी में भर रहे हैं. मामला क्या है, बताएं. पहले वीडियो देखिए.
लोगों को याद आ गए अनुराग कश्यप और अजय देवगन
वीडियो सामने आया तो लोगों की प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं. जमकर मजे लिए गए. चिराग बड़जात्या नाम के ट्विटर यूजर ने कहा,
हमारे सोसायटी की नाली चोक हो गई थी तो अंदर से हार्पिक की कटी हुई बॉटल निकली.
पूजा त्यागी कहती हैं,
पीडब्ल्यूडी के इन घटिया अफसरों को पैसा छिपाने की ऐसी तरकीब आती कहां से है. कोई शक नहीं हमारा देश इनोवेशन से भरा पड़ा है.
कुछ लोगों को फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप याद आने लगे तो कुछ को अजय देवगन स्टारर रेड मूवी ध्यान आ गई, जिसे राजकुमार गुप्ता ने डायरेक्ट किया था. 'चोक्ड' में नायिका के घर के बेसिन की लाइन चोक हो जाती है. उसमें से पानी बहने लगता है, जिसके साथ बाहर आती है नोटों से भरी पॉलिथिन. वहीं रेड मूवी में इनकम टैक्स ऑफिसर की भूमिका निभाने वाले अजय देवगन एक भ्रष्ट और दबंग नेता के घर में ऐसी-ऐसी जगहों से पैसा और सोना ढूंढ निकालते हैं कि लोग दंग रह जाएं. इसीलिए ये वीडियो देख ट्विटर के खिलाड़ियों ये दोनों मूवी याद आ गईं.
क्या है मामला?
कर्नाटक के कलबुरगी की घटना है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां PWD के एक जूनियर इंजीनियर के घर पर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रेड मार दी. पूरे घर से नोट बरामद हुए. यहां तक कि घर में बने एक पाइप तक में से नोट पर नोट निकले. ACB के मुताबिक 50 लाख से ज्यादा कैश मिला है. इंडिया टुडे/आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक कार्रवाई को लेकर ACB नोर्थ इंस्टर्न रेंज के एसपी महेश मेघनवार ने बताया,
रेड के दौरान टोटल 54 लाख कैश मिला. 13 लाख कैश ड्रेनेज पाइप से मिला है.
दरअसल कर्नाटक के एंटी करप्शन ब्यूरो ने 15 सरकारी अधिकारियों के ठिकानों पर छापा मारा है. इन 15 अधिकारियों के बेंगलुरु, मंगलुरु, मांडया और बेल्लारी स्थित ऑफिस और घर दोनों जगहों पर रेड पड़ी है. ACB के करीब 400 अधिकारी इस काम में लगे हैं. इनमें 8 एसपी, 100 अधिकारी और 300 एसीबी स्टाफ शामिल हैं.
इनके यहां पड़ी है रेड
ACB ने जिन लोगों के ठिकानों पर छापामारी की है, उनमें मंगलुरु स्मार्ट सिटी के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर केएस लिंगेगौडा, मांडया के कार्यकारी इंजीनियर के श्रीनिवास, डोड्डाबल्लापुरा के राजस्व निरीक्षक लक्ष्मी नरसिंहमैया, बेंगलुरु निर्मिति केंद्र के पूर्व परियोजना प्रबंधक वासुदेव, बेंगलुरु नंदनी डेयरी के महा प्रबंधक बी कृष्णा रेड्डी, कृषि विभाग के जॉइंट डायरेक्टर टीएस रुद्रेशाप्पा, बाइलाहोंगला सहकारी विकास अधिकारी एके मस्ती, सीनियर मोटर इंस्पेक्टर सदाशिव मरालिंगन्नावर, PWD के जूनियर इंजीनियर एसएम विरादर और अन्य लोग शामिल हैं. खबरों के मुताबिक कृषि विभाग के जॉइंट डायरेक्टर टीएस रुद्रेशाप्पा के आवास से सात किलोग्राम सोना और 15 लाख रुपये की नकदी मिली है. सोने की कीमत 3.5 करोड़ बताई जा रही है. एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि छापामारी के दौरान संपत्ति के कागजात, बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण, नगदी और निवेश के कागजात मिले हैं. जांच के तहत कैश, कीमती सामान और दस्तावेज जब्त किए जा रहे हैं.