The Lallantop

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने थामा बल्ला, मारा झन्नाटेदार शॉट और बीजेपी कार्यकर्ता का सिर फूट गया

घायल बीजेपी कार्यकर्ता को कई टांके लगे हैं.

Advertisement
post-main-image
बल्ले से शॉट लगाते केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया. (फोटो- आजतक)

क्रिकेट खेलते हुए बच्चे कभी किसी घर की खिड़की तोड़ देते हैं तो कभी किसी आदमी का सिर. फिर होती है रार. बड़ी आम बात है. लगभग हम सभी से लड़कपन में ऐसे काम हुए हैं. फिल्मों और टीवी सीरियल्स में भी खूब देखा है ये सब. लेकिन क्या हो जब कोई नेता खेल-खेल में किसी का सिर फोड़ दे. ऐसा-वैसा नहीं, बहुतई बड़ा, केंद्र सरकार का मंत्री. ऐसे एक मंत्री का नाम तो हम आपको बता सकते हैं. ज्योतिरादित्य सिंधिया. जी, वही जो मोदी सरकार में नागरिक उड्डयन मंत्रालय संभालते हैं. उन्होंने क्रिकेट खेला और अपनी पार्टी के कार्यकर्ता को घायल कर दिया (Jyotiraditya Scindia Ball Hits BJP Worker). 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बुधवार, 15 फरवरी को ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्य प्रदेश के रीवा पहुंचे थे. वहां के एक क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण करने. इस दौरान उन्होंने वहां एक मैच भी खेल लिया. बल्ला पकड़कर सीधे पिच पर पहुंच गए. और ऐसा शॉट मारा कि बॉल जाकर सीधे एक बीजेपी कार्यकर्ता को लग गई. वो भी सिर पर. खबर है कि गेंद लगने से बीजेपी कार्यकर्ता को काफी चोट आई. नौबत ये आ गई कि उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ गया.

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ रीवा दौरे पर थे. रीवा एयरपोर्ट का शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री जबलपुर होते हुए भोपाल वापस लौट गए. वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण करने पहुंच गए. फिर रीवा स्टेडियम की शानदार पिच पर उन्होंने बल्लेबाजी करने का फैसला लिया. उन्होंने हाथों में बल्ला थामकर जोरदार शॉट मारा. सिंधिया के बल्ले से निकली बॉल बीजेपी कार्यकर्ता विकास मिश्रा के सिर में जा लगी. 

Advertisement
गेंद कैच करने की कोशिश में थे

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, दीनदयाल मंडल के उपाध्यक्ष विकास मिश्रा स्टेडियम में कैच पकड़ने की कोशिश कर रहे थे. उसी कोशिश में गेंद उनके सिर पर लग गई. इससे विकास घायल हो गए. उनके मुंह से खून भी निकलने लगा. 

विकास मिश्रा को तुरंत सिंधिया की गाड़ी से संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में भर्ती कराया गया. वहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया. खबर है कि घायल भाजपा कार्यकर्ता को चेहरे पर कई टांके आए हैं. फिलहाल उनकी हालत बेहतर बताई जा रही है. पीछे-पीछे सिंधिया और बाकी नेता भी अस्पताल पहुंचे और उनका हाल चाल लिया.

वीडियो: लद्दाख के सांसद जामयांग ने संसद में सरकार से सवाल कर ज्योतिरादित्य सिंधिया को क्या कमियां गिना दीं?

Advertisement

Advertisement