The Lallantop

पुलिस वाले ने सिद्धू मूसेवाला को आतंकवादी कहा, वीडियो वायरल होते ही पलट गए

इस घटना का वीडियो वायरल हो गया था. अब पुलिस अधिकारी ने माफी मांगते हुए कहा है- 'मूसेवाला के बारे में पता नहीं था.'

Advertisement
post-main-image
सिद्धू मूसेवाला के लिए आपत्तिजनक बातें कहने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ जांच चल रही है. (फोटो: आजतक)

झारखंड के जमशेदपुर में सिद्धू मूसेवाला को आतंकवादी कहने वाले पुलिस अफसर भूषण कुमार ने माफी मांग ली है. भूषण कुमार ने गाड़ियों की चेकिंग के दौरान एक शख्स की बाइक पर सिद्धू मूसेवाला की तस्वीर देखी थी. Sidhu Moose Wala की फोटो देखकर भूषण कुमार ने कहा था कि तुम सिद्धू मूसेवाला को आदर्श मान रहे हो, जो आतंकवादी है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

दरअसल बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था. इसलिए भूषण कुमार उसे फटकार रहे थे और इसी दौरान मूसेवाला के लिए आपत्तिजनक बातें कह दीं. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आया, तो लोग इस पर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं. भूषण कुमार के खिलाफ जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं.

हेलमेट से बात मूसेवाला तक कैसे पहुंची?

आजतक के सत्यजीत कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक चार-पांच दिन पहले की है. जमशेदपुर के सीताराम डेरा थाना के प्रभारी भूषण कुमार गाड़ियों की चेकिंग कर रहे थे. इस दौरान एक बाइक सवार अपनी बच्ची को स्कूल से लेकर आ रहा था. दोनों ने हेलमेट नहीं लगाया था. इसलिए भूषण कुमार ने बाइक रोकी और देखा कि बाइक की नंबर प्लेट के पास सिद्धू मूसेवाला की तस्वीर वाला स्टीकर लगा है.

Advertisement

सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आया है, उसमें पुलिस अफसर ये कहते सुनाई पड़ रहे हैं, 

“...और इसे तुम आदर्श मान रहे हो...सिद्धू मूसेवाला को...जो आतंकवादी है. दूसरा चीज हेलमेट आपके पास है नहीं.”

अब भूषण कुमार ने अपने बयान के लिए माफी मांगी है. भूषण कुमार ने कहा कि वो मूसेवाला के बारे में नहीं जानते थे, लेकिन अब उन्हें महसूस हुआ है कि वो महान आत्मा थे. थाना प्रभारी ने मूसेवाला के माता-पिता से भी माफी मांगी है.

Advertisement
पुलिस वाले की सफाई- 'जबान फिसल गई'

रिपोर्ट के मुताबिक भूषण कुमार ने कहा,

“हम गाड़ियों की चेकिंग कर रहे थे. तभी वो बाइक आ गई. हमको नहीं पता था कि सिद्धू मूसेवाला कौन थे. अज्ञानता के कारण कहें या स्लिप ऑफ टंग कहें. हम माफी चाहते हैं. हमारा इरादा किसी को आहत करना नहीं था. ये अज्ञानता के कारण हुआ है. हम सभी से माफी चाहते हैं.”

अब भले ही भूषण कुमार कह रहे हैं कि उनको सिद्धू मूसेवाला के बारे में पता नहीं था, लेकिन वीडियो में वो मूसेवाला का नाम लेकर आतंकवादी शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं. जमशेदपुर पुलिस ने बताया कि भूषण कुमार के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए गए हैं. जमशेदपुर के SSP (सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस) प्रभात कुमार ने आजतक को फोन पर जानकारी दी कि पुलिस अफसर के खिलाफ जांच चल रही है. 

मशहूर रैपर, गायक और गीतकार सिद्धू मूसेवाला की 29 मई, 2022 को पंजाब के मानसा जिले में हत्या कर दी गई थी. उस समय मूसेवाला अपनी थार कार में सवार थे. तभी हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं.

ये भी पढ़ें- चलती ट्रेन में बच्ची ने गाया सिद्धू मूसेवाला का गाना, आवाज सुन लोगों का दिल खुश हो गया!

वीडियो: किताबवाला: सिद्धू मूसेवाला पर लिखी इस नई किताब ने पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री पर क्या खुलासे कर डाले?

Advertisement