The Lallantop

झारखंड: छठ पूजा के दौरान नदी में उतरे 4 बच्चे डूबकर मर गए, किसी को पता नहीं चला

बीते सितंबर महीने में झारखंड में ही इसी तरह की घटना में 7 लड़कियों की मौत हो गई थी.

Advertisement
post-main-image
छठ पूजा की एक तस्वीर. (साभार- पीटीआई)
झारखंड के गिरिडीह जिले में छठ पूजा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. यहां छठ पूजा के लिए नदी में नहाने आए चार बच्चों की डूब कर मौत हो गई. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक पुलिस ने घटना की पुष्टि की है. ये हादसा गिरिडीह जिले से होकर जाने वाली उसरी नदी में हुआ. घटना के बाद नदी के पास पहुंचे लोगों में चीख-पुकार मच गई. वहीं पूरे जिले में छठ पूजा का त्योहार मातम में बदल गया.

नदी में नहाते वक्त हुआ हादसा

आजतक से जुड़े सूरज सिन्हा की रिपोर्ट के मुताबिक हादसा गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगरोडीह गांव में हुआ. मंगलवार 9 नवंबर यानी छठ पूजा के मौके पर यहां की महिलाएं उसरी नदी में स्नान करने गई थीं. उनके साथ बच्चे भी थे. इनमें तीन छोटी लड़कियां और एक लड़का भी शामिल था. ये चारों भी नदी में नहाने के लिए उतर गए. लेकिन वापस नहीं आए. चारों बच्चों की उम्र 6 से 11 साल के बीच बताई गई है. हैरानी की बात है कि ना तो पूजा-पाठ कर रही महिलाओं का ध्यान इन बच्चों पर गया और ना ही वहां मौजूद दूसरे लोगों को बच्चों के डूबने का पता चला. पूजा करने के कुछ समय बाद महिलाएं और बाकी लोग घर वापस आ गए, लेकिन बच्चे नहीं लौटे. बाद में पता चला कि चारों नदी में डूब गए थे. सुबह 11.30 बजे के करीब हुई इस घटना के काफी देर तक चारों बच्चे घर नहीं लौटे तो उनकी खोजबीन शुरू की गई. इस दौरान गांव के कुछ युवक दौड़कर नदी की ओर भागे जहां बच्चों को आखिरी बार देखा गया था. नदी में तलाश करने के बाद एक-एक कर चारों बच्चों को बाहर निकाल लिया गया. उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया. आजतक की खबर के मुताबिक घटना में मारे गए बच्चों के नाम मुन्ना कुमार, सुहाना कुमारी, सोनाक्षी और दीक्षा कुमारी हैं. मुन्ना कुमार की उम्र 11 साल है. सुहाना कुमारी 8 साल की है. सोनाक्षी और दीक्षा कुमारी की आयु 7 और 6 साल है. दीक्षा कुमारी छठ का त्योहार मनाने के लिए अपने नाना के गांव आई थी. उसके परिजनों ने उसका पोस्टमॉर्टम कराने से इंकार कर दिया है. बाकी पीड़ित परिवार वालों का भी कहना है कि इस घटना को लेकर उन्हें किसी पर कोई शक नहीं है, इसलिए वे बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे.

सितंबर में भी हुई थी ऐसी ही घटना

इससे पहले झारखंड में करमा पूजा के दौरान 7 लड़कियों की डूबकर मौत हो गई थी. ये घटना बीती 18 सितंबर की है. तब राज्य के लातेहार जिले के बुकरू गांव में करमा पूजा त्योहार मना रहे आठ लोगों की तालाब में डूबकर मौत हो गई थी. इनमें 7 लड़कियां थीं. सभी की उम्र 12 से 20 वर्ष थी. पीड़ित त्योहार से जुड़े रीति-रिवाज निभाने के लिए तालाब में आए थे. रिपोर्टों के मुताबिक पहले 2 लड़कियां तालाब में डूब गईं. उन्हें बचाने के चक्कर में और लड़कियां पहुंचीं. लेकिन वो भी तालाब से बाहर नहीं आ पाईं. गांव के लोगों ने उन्हें बचाने की बहुत कोशिश की थी, लेकिन कामयाब नहीं हुए. इस घटना पर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन से लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक ने शोक जताया था.

Advertisement
Advertisement