बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया की नाव में इतने छेद किए कि वो आखिर डूब ही गई
मेलबर्न में बूमरैंग हो गया.
Advertisement

फोटो - thelallantop
जसप्रीत बुमराह ने मेलबर्न टेस्ट के तीसरे दिन वो कर दिया जो कप्तान कोहली को चाहिए था. यानी एक के बाद एक विकेट निकाले और ऑस्ट्रेलिया 151 पर ऑल आउट हो गई. इंडिया को 292 रनों की लीड मिल गई है. भारतीय बल्लेबाज फिर एक बार बल्ला लेकर मैदान पर हैं. कप्तान कोहली चाहते हैं कि टीम कम से कम 100 रन और अपने स्कोर में जोड़ ले ताकि ऑस्ट्रेलिया के सामने बचे हुए दो दिन बड़े स्कोर के आगे बैटिंग करने का दबाव हो. मगर बात जसप्रीत बुमराह की जिनकी बॉलिंग से इंडिया इस जबरदस्त स्थिति में खड़ा है. अकेले बुमराह ने 6 विकेट लिए. एक-एक विकेट देखने लायक. यॉर्कर से लेकर इन-स्विंग और आउट-स्विंग. बुमराह ने 15.5 ओवर फेंके और 33 रन देकर 6 विकेट झटके. बुमराह के अलावा जडेजा ने 2 और इशांत-शमी ने एक एक विकेट लिए. अब इन विकटों पर एक नजर डालिए-
1. सबसे पहले मारकस हैरिस को इशांत शर्मा के हाथों कैच करवाया. हैरिस 22 रन बनाकर आउट हुए. 2. शॉन मार्श पर एक स्लो यॉर्कर दागी जिसका मार्श के पास कोई जवाब नहीं था. ये बुमराह की साल की सबसे बेहतरीन गेंद थी. मार्श 19 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए. 3.ट्रेविस हेड को यॉर्कर मारकर बोल्ड किया. हेड ने 20 रन बनाए. 4. फिर बारी की ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन की. बुमराह की गेंद को पेन पढ़ नहीं पाए और गेंद बल्ले का किनारा लेकर पंत के ग्लव्स में चली गई. 5. नेथन लायन को जीरो पर भी बुमराह ने एलबीडब्ल्यू आउट किया. 6. तीन गेंद बाद जोश हेजलवुज को फिर यॉर्कर मारकर बुमराह ने बोल्ड कर दिया. बुमराह ने इसी साल यानी 5 जनवरी 2018 को अपना टेस्ट करियर शुरू किया था और साल भर में बुमराह ने 45 विकेट ले लिए हैं. अभी दूसरी पारी बाकी है और बुमराह अपने इस आंकड़े को 50 पार भी ले जा सकते हैं. ये किसी भी गेंदबाज द्वारा अपने डेब्यू ईयर में लिए सबसे ज्यादा विकेट हैं. बुमराह से पहले ये रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के कर्टली अंब्रोस (1988) और ऑस्ट्रेलिया के टेरी एल्डरमैन (1981) के नाम रहा है. दोनों ने करियर के पहले साल 42-42 विकेट लिए थे. साथ ही अब बुमराह के नाम एक गजब का कीर्तिमान ये भी है कि इस फास्टबॉलर ने अपने पहले ही साल में साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में पारी में 5 या ज्यादा विकेट ले लिए हैं.
Add Lallantop as a Trusted Source

Advertisement
Advertisement
Advertisement





















