The Lallantop

आशीर्वाद के बहाने रेप करने के आरोप में इस बार एक जैन मुनि धरा गया है

राम रहीम और फलाहारी बाबा के बाद अब सूरत में दिगंबर मुनि पर 19 साल की लड़की ने रेप का आरोप लगाया है.

Advertisement
post-main-image
पुलिस ने 14 अक्टूबर की रात इस बाबा को 19 साल की लड़की से रेप के आरोप में गिरफ्तार किया है.
गुरमीत राम रहीम और अलवर के फलाहारी बाबा की गिरफ्तारी के बाद 14 अक्टूबर की रात को पुलिस ने एक और बाबा को गिरफ्तार किया है. उसपर भी रेप का आरोप है. नाम है जैन मुनि आचार्य शांतिसागर महाराज. नाम है शांतिसागर, लेकिन उसने एक लड़की की दुनिया में इतनी अशांति फैलाई की मजबूरन उसे पुलिस के पास जाना पड़ा. अब पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है. गुजरात का जिला है सूरत. वहां के नानपुरा इलाके में टिमलियावाड महावीर दिगंबर जैन मंदिर है. शांतिसागर महाराज वहां चातुर्मास कर रहे थे. शांतिसागर को णमोकार वाले बाबा के नाम से भी जाना जाता है. चातुर्मास जैन धर्म की एक परंपरा है, जिसमें जैन धर्म के लोग बारिश के चार महीनों में एक जगह पर रहकर पूजा अर्चना करते हैं. ये चार महीने जैन धर्म के लिए सबसे पवित्र माने जाते हैं. मध्यप्रदेश की 19 साल की एक लड़की वडोदरा में रहती है. उसके माता-पिता जैन धर्म के अनुयायी हैं और जैनमुनि शांतिसागर महाराज के भक्त हैं. उन्होंने मार्च 2017 में ही शांतिसागर को अपना गुरु माना था. चातुर्मास में परिवार ने बाबा का आशीर्वाद लेना चाहा था. 1 अक्टूबर को माता-पिता और उनकी बेटी शांतिसागर महाराज के पास आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचे थे. शांतिसागर सागर महाराज ने युवती को परेशान बताते हुए पूजा-पाठ और मंत्र जाप करने के लिए कहा. इसके लिए शांतिसागर महाराज ने रात का वक्त चुना. बकौल युवती उसके माता-पिता चले गए और वो खुद पूजा के लिए रात को रुक गई. रात में शांतिसागर ने उसके साथ रेप किया और किसी से कहने पर धमकी दी. शांतिसागर ने धमकी दी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसके माता-पिता की मौत हो जाएगी. युवती ने बताया कि वो डर गई थी लेकिन उसने अपने माता-पिता को बताया, जिसके बाद वो लोग शांतिसागर के खिलाफ केस दर्ज करवाने के लिए तैयार हो गए. युवती ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा, जिसके बाद कमिश्नर ने जांच के आदेश दिए. न्यू सिविल अस्पताल में युवती का मेडिकल करवाया गया, जिसमें रेप की पुष्टि हुई. इसके बाद युवती की ओर से सूरत के अठवा थाने में रेप का केस दर्ज कर लिया गया. 14 अक्टूबर की रात को पुलिस ने शांतिसागर महाराज को गिरफ्तार कर लिया.

चमत्कारों से प्रभावित था परिवार

पीड़ित युवती ने बताया कि वो और उसका पूरा परिवार शांतिसागर के चमत्कारों से प्रभावित था. 29 सितंबर को सूरत के ही पर्वत पाटिया के पास बने मॉडल टाउनशिप में एक कार्यक्रम में शांतिसागर ने 7.77 करोड़ से ज्यादा नवकार मंत्र का जाप करवाया था, जिससे वो खासी प्रभावित हो गई थी. इसके अलावा उसी दिन जैनमुनि ने एक पत्थर में लाल रंग का धागा बांधकर पानी में फेंक दिया था, जो तैरने लगा था. इतना ही नहीं, बाबा ने आग में एक साड़ी डाल दी थी, जो बिल्कुल भी नहीं जली. ऐसे चम्तकारों से प्रभावित होकर वो बाबा के पास आशीर्वाद लेने के लिए गई थी. वहीं पुलिस की शुरुआती जांच में ये भी सामने आया है कि रेप के बाद शांतिसागर ने पीड़ित युवती को तीन-चार बार फोन भी किया था. पीड़िता ने भी इस बात की तस्दीक की है और बताया है कि अगर उसे कोई टेंशन है, तो बाबा उसे दूर कर देंगे.

जैन समाज ने जताया विरोध

Shantisagar
शांतिसागर (दाएं) को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा.

सूरत के जैन समाज के लोगों ने शांतिसागर की गिरफ्तारी का विरोध किया है. उन्होंने 14 सितंबर की रात को ही गिरफ्तारी के बाद पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा और इसे जैन समाज के साथ ही शांतिसागर को भी बदनाम करने की साजिश बताई. वहीं शांतिसागर ने भी कहा कि लड़की ने पैसे की मांग की थी. जब पैसे देने से मना कर दिया तो रेप का आरोप लगा दिया. बहरहाल, हकीकत ये है कि शांतिसागर पुलिस की गिरफ्त में है और मेडिकल में लड़की के साथ रेप की पुष्टि हो गई है.


देखिए लल्लनटॉप बुलेटिन 
ये भी पढ़ें:
अब UP का ये बाबा महिला को बंधक बनाकर रेप करने के आरोप में अंदर है

रेप के आरोप में गिरफ्तार किए गए फलाहारी बाबा की पूरी कहानी

बाबा राम रहीम की असली कहानी

Advertisement

रेपिस्ट गुरमीत के जेल जाने के बाद ये दो लोग संभाल सकते हैं डेरा

Advertisement
Advertisement