The Lallantop

Hamas से जंग के बीच इजरायली दूतावास पर कड़ा पहरा, दिल्ली में और कहां-कहां सिक्योरिटी बढ़ाई गई?

दिल्ली पुलिस ने Hamas और Israel के बीच युद्ध शुरू होने के बाद राजधानी में इजरायली दूतावास की सुरक्षा बढ़ा दी है.

Advertisement
post-main-image
यहूदियों के धार्मिक स्थल खबाद हाउस पर भी पुलिस ने सिक्योरिटी बढ़ा दी है | प्रतीकात्मक फोटो: आजतक

इजरायल और हमास के बीच छिड़ी जंग के बाद दुनिया के कई मुल्कों में प्रदर्शन शुरू हो गए हैं. कहीं लोग हमास का समर्थन कर रहे हैं तो कुछ जगहों पर इजरायल के सपोर्ट में नारेबाजी हो रही है. इन सबके बीच भारत सरकार ने दिल्ली स्थित इजरायली दूतावास की सुरक्षा बढ़ा दी है. आजतक से जुड़े अरविंद ओझा के मुताबिक सरकार ने ये कदम खुफिया जानकारी मिलने के बाद उठाया है. दूतावास के साथ ही इजरायली राजदूत के घर की सुरक्षा भी पुख्ता कर दी गई है. इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने इजरायल और यहूदियों से जुड़ी चीजों और संस्थानों की भी सिक्योरिटी बढ़ा दी है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

PTI की एक रिपोर्ट के मुताबिक एक सुरक्षा अधिकारी ने मंगलवार (10 अक्टूबर) को जानकारी देते हुए कहा कि नई दिल्ली में इजरायली दूतावास और मध्य दिल्ली के चांदनी चौक स्थित चाबड़ हाउस के आसपास तैनात स्थानीय पुलिस को कड़ी निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया गया है. इस निर्देश के बाद इजरायली दूतावास के आसपास पीसीआर की संख्या में इजाफा किया गया है. दूतावास के बाहर पुलिस कर्मियों की संख्या भी बढ़ा दी गई है.

इजरायल और हमास के बीच युद्ध की शुरुआत शनिवार (7 अक्टूबर) को तब हुई जब उग्रवादी संगठन हमास ने अचानक सुबह-सुबह साढ़े छह बजे इजरायल के कुछ इलाकों में मिसाइल से हमला शुरू कर दिया. एक के बाद एक हजारों मिसाइलें इजरायल पर दाग दी गईं. हमले के बाद हमास के उग्रवादी इजरायल में घुसे और वहां लोगों को मारना शुरू कर दिया. इजरायल के मुताबिक हमास के करीब 1000 लड़ाकों ने उसके यहां घुसपैठ की. और हजारों लोगों को मार दिया.

Advertisement

ये भी पढ़ें:- "ऐसा हाल करेंगे कि..."- नेतन्याहू ने हमास को सीधी वार्निंग दे दी

हमास ने 100 से ज्यादा लोगों को बंदी बनाया

इज़रायल के विदेश मंत्री एली कोहेन ने बताया कि हमास ने 100 से ज्यादा लोगों को बंदी बनाया है. उन्हें गाज़ा ले जाया गया है. अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक अल-कसम ब्रिगेड की ओर से बंदियों को फांसी देने की धमकी की घोषणा के बाद बंदियों का जीवन खतरे में हैं.

उधर इज़रायली सेना ने कहा कि वो गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ सबसे बड़ा हवाई हमला कर रही है. बताया गया कि लेबनान की सीमा के आसपास के 10 किलोमीटर इलाके के लोगों को शेल्टर में जाने को कहा गया है. सेना की ओर से कहा गया कि बीते 3 घंटे में हमास के 130 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की गई है. वहीं, गाजा से इज़रायल के बीरशेबा पर रॉकेट्स दागे गए हैं.

Advertisement

ये भी पढ़ें:- इजरायल और फिलिस्तीन के बीच ओस्लो समझौता क्या है जिसने शांति का नोबेल दिलाया?

हमास की फांसी वाली धमकी

रॉयटर्स में छपी रिपोर्ट के अनुसार हमास की आर्म्ड विंग ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर इज़रायल बिना किसी पूर्व चेतावनी के आम नागरिकों के घरों पर बमबारी करेगा, तो उसके बदले वो इज़रायली नागरिक बंदियों को फांसी देना शुरू कर देगा. हमास की आर्म्ड विंग के प्रवक्ता अबू ओबैदा ने कहा कि वो इज़रायली बंदियों को सुरक्षित रखकर इस्लामिक निर्देशों के मुताबिक काम कर रहे हैं. उन्होंने बढ़ती बमबारी और बिना चेतावनी के हवाई हमलों में मारे गए नागरिकों की हत्या के लिए इज़रायल को जिम्मेदार ठहराया.

वीडियो: अमेरिका के इंडिया और कनाडा के रिश्ते पर इस बयान से खुश हो जाएंगे जस्टिन ट्रुडो?

Advertisement