अमेरिका के हमले में ईरान की एक शादी तबाह हो गई. शामियाने में लोग खुशियां मना रहे थे. एक झटके में वहां मौत का मातम पसर गया. 5 लोगों की मौत हो गई. हमले के बाद जमीन पर बिखरे जूते और अन्य चीजें तबाही की गवाही देते रहे. बताया गया कि इस हमले से घायल हुए लोगों में बच्चे भी शामिल थे. ये सब दक्षिणी ईरान के एक छोटे से तटीय शहर कुहेस्तक में हुआ. हमले के कई दिन बाद भी पूरे शहर में विस्फोट के निशान तबाह हुई इमारतें, मलबे के ढेर देखे जा सकते हैं. . लोग अपना सामान पीछे छोड़कर वहां से जान बचाकर भागे.
'बच्चे का फेफड़ा फट गया', ईरान में अमेरिकी गोले ने शादी को मातम बना दिया, 5 की मौत
दक्षिणी ईरान के कुहेस्तक में शादी की सभा के पास हुए धमाकों में एक बच्चे समेत कम से कम 5 लोगों की मौत और 60 से ज्यादा लोगों के घायल होने की बात सामने आई है. स्थानीय लोगों का दावा है कि हमला अमेरिकी सेना की कार्रवाई का हिस्सा था। अमेरिका ने शादी को निशाना बनाने से इनकार किया है और मामले की जांच की बात कही है.

ईरानी मीडिया और कुछ संस्थाओं के अनुसार, इस हमले में एक बच्चे समेत कम से कम पांच लोग मारे गए. वहीं 60 से ज्यादा लोग घायल हुए. एक स्थानीय निवासी सुलेमान ज़कीरी फ़ार्ड ने ईरान की डब्ल्यूएएनए समाचार एजेंसी को बताया,
हर जगह धूल और धुआं था. हर कोई चिल्ला रहा था. लोग एक-एक करके बाहर आ रहे थे. कुछ के चेहरे पर खून था.
फार्ड ने कहा कि उन्होंने पास के मोबाइल टावर पर मिसाइल हमला होते हुए देखा. इसके बाद उन्होंने शादी की सभा में दो ड्रोन हमले होते हुए देखे. शादी शुरू ही होने वाली थी, तभी विस्फोट हो गया. हालांकि दूल्हा और दुल्हन अभी तक नहीं पहुंचे थे. एक लोकल दुकानदार सासन ज़रेई ने भी इन हमलों को देखा. ज़रेई ने कहा कि वह शहर के बाहर था जब उसने विस्फोटों की आवाज सुनी. वह ये जानने के बाद घटनास्थल की ओर दौड़ा. वह पता करना चाहते थे कि वहां रहने वाले अली मल्लाही के घर पर अटैक में क्या हुआ हैं? इसके बाद वह मलबे में से अन्य लोगों को खोजने लगे. एपी से बात करते हुए वो कहते हैं,
क्या नॉन-मिलिट्री ठिकानों पर हमला हुआ?हम मदद के लिए दौड़े, और मलबे के नीचे से लोगों और सामान को निकाला. घायलों में ज्यादातर बच्चे थे. वो नजारे दिल दहला देने वाले थे. जूते हर जगह बिखरे हुए थे. एक बच्चे के फेफड़े फट गए थे. वे अब अस्पताल में भर्ती हैं.
ये बात भी सामने आई कि जहां ये हमले हुए, वो एक मिलिट्री एरिया है. लेकिन ज़रेई इससे सहमत नहीं हैं. वो कहते हैं कि ये कोई सैन्य ठिकाना नहीं है. उन्होंने कहा,
अमेरिका, ईरान की मिसाइलों की हताशा और डर से, निर्दोष लोगों को मार रहा हैय यह कोई सैन्य क्षेत्र या ऐसा कुछ नहीं था.
रिपोर्ट और तमाम स्थानीय लोगों के सामने आने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या अमेरिका ने जानबूझकर एक शादी में हमला किया.
अमेरिका ने नकाराअमेरिका ने इस घटना की जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की है. हालांकि, रॉयटर्स का विश्लेषण इसके उलट ही एक कहानी बयां करता है. रिपोर्ट कहती है कि शादी में विस्फोट का कारण वहां हुआ डायरेक्ट हिट था. वो हमले किसी दूसरे टारगेट के बजाय शादी पर रिलोकेट नहीं हुए. रॉयटर्स ने चार सैन्य हथियार विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल से तस्वीरें और फुटेज साझा किए. तीन ने कहा कि गोला-बारूद संभवतः एक एक अमेरिकी हथियार था. जबकि एक ने सुझाव दिया कि हथियार अपने टारगेट से चूक गया हो सकता है.
(यह भी पढ़ें: ईरान ने मारीं 13 बैलिस्टिक मिसाइलें, फिर अमेरिका से कहा- ‘ये नुकसान भूल न पाओगे’)
दरअसल शादी की जगह एक कम्युनिकेशन टावर से लगभग 135 मीटर दूर थी. इस टावर को कथित तौर पर अमेरिका ने निशाना बनाया था. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी इस मुद्दे पर बयान दिया है. उन्होंने कहा,
हम इसकी पूरी तरह से जांच कर रहे हैं. अमेरिका युद्ध के दौरान नागरिकों को टारगेट नहीं करता है, लेकिन कभी-कभी ऐसी चीजें होती हैं.
वहीं अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने यह भी कहा कि सेना शादी पर हमले की रिपोर्टों की जांच कर रही है. हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि औपचारिक जांच शुरू की गई है या नहीं.
वीडियो: यूएस के हमले का बाद ईरान ने जॉर्डन, कुवैत और बहरीन पर दागीं मिसाइलें











