ईरान ने पहली बार पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के घर पर हमले का वीडियो जारी किया है. यह वीडियो दिवंगत सुप्रीम लीडर के आधिकारिक वेबसाइट और देश के सरकारी टीवी ने जारी किया है. वीडियो 35 सेकेंड का है. राजधानी तेहरान में खामेनेई के अंतिम संस्कार के कार्यक्रम के दौरान यह वीडियो जारी किया गया है. 9 जुलाई को उनको मशहद में दफनाया जा रहा है.
खामेनेई के जनाजे के बीच सनसनीखेज वीडियो, ईरान ने खुद दिखाई सुप्रीम लीडर के घर की तबाही
ईरान ने दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के घर पर हमले का वीडियो जारी किया है. 35 सेकेंड के इस वीडियो में अली खामेनेई के घर के अंदर मौजूद 'इमाम खुमैनी हुसैनीया हॉल' की तबाही और वहां बिखरा मलबा साफ देखा जा सकता है.


ईरान ने 35 सेकेंड का वीडियो जारी किया
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने 35 सेकेंड का वीडियो जारी किया है, जिसमें अली खामेनेई के घर के अंदर मौजूद 'इमाम खुमैनी हुसैनीया हॉल' की तबाही और वहां बिखरा मलबा दिख रहा है. हर ओर तबाही का मंजर है. अली खामेनेई के घर का नाम ‘बैत-ए-रहबरी’ है. यह तेहरान के सेंटर में है. यही उनका आधिकारिक आवास, ऑफिस और ईरान के सत्ता का सबसे बड़ा केंद्र था.
‘इमाम खुमैनी हुसैनिया’ हॉल को भारी नुकसान
उनके घर के कैंपस के भीतर एक हॉल था. जिसका नाम इमाम खुमैनी हुसैनिया हॉल था. यहां अली खामेनेई पब्लिक मीटिंग्स करते थे और स्पीच देते थे. इसके अलावा वे धार्मिक नेताओं, सरकारी अधिकारियों और विदेशी प्रतिनिधियों से भी इसी हॉल में मुलाकात करते थे. 35 सेकेंड के इस वीडियो में इमाम खुमैनी हुसैनीया हॉल में भारी तबाही और मलबा पसरा हुआ दिख रहा है. फुटेज में ढही हुई बिल्डिंग, टेढ़े-मेढ़े बीम और मलबा के बड़े बड़े ढेर दिखाई दे रहे हैं.
28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले के पहले दिन अली खामेनेई की मौत हो गई थी. इस हमले में उनके परिवार के कई सदस्यों की भी जान गई थी, जिसमें उनकी 14 महीने की पोती भी शामिल थी. इस हमले में उनके बेटे मोजतबा अली खामेनेई भी घायल हुए थे. जिनको ईरान का सुप्रीम लीडर चुना गया.
9 जुलाई को दफनाए जाएंगे खामेनेई
अली खामेनेई के पार्थिव शरीर को आज यानी 9 जुलाई को उनके पैतृक शहर मशहद में दफनाया जाएगा. इसके साथ ही एक हफ्ते तक चलने वाला उनका अंतिम संस्कार समारोह भी खत्म हो जाएगा. उनकी अंतिम संस्कार यात्रा के दौरान कई शहरों में आयोजन हुए, जिसमें तेहरान, कोम और ईरान के प्रमुख शिया स्थल नजफ और कर्बला शामिल रहे.
ये भी पढ़ें - दुनियादारी: पुतिन ने क्या बहाना बनाकर मिखाइल गोर्बाचोव के अंतिम-संस्कार में जाने से मना किया?
खामेनेई ईरान के राष्ट्रपति भी रहे
साल 1989 में रुहोल्लाह खुमैनी के निधन के बाद अयातुल्ला अली खामेनेई ईरान के सुप्रीम लीडर चुने गए थे. ईरान में 1979 की इस्लामी क्रांति के दौरान जब शाह मोहम्मद रजा पहलवी को हटाया गया तो खामेनेई ने क्रांति में बड़ी भूमिका निभाई थी. इस्लामिक क्रांति के बाद खामेनेई को 1981 में ईरान का राष्ट्रपति बनाया गया. वह 8 साल तक इस पद पर रहे. साल 1989 में ईरान के सुप्रीम लीडर खुमैनी के मौत के बाद वे उनके उत्तराधिकारी बने.
वीडियो: ईरान के चाबहार को टारगेट किया, रेलवे ब्रिज उड़ाया, ट्रंप बोले एग्रीमेंट ख़त्म










