The Lallantop

ईरानी लोगों ने मनाया राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की 'मौत का जश्न'! दुनियाभर से कई वीडियो सामने आए

20 मई 2024 को ईरान की सरकारी मीडिया की तरफ से राष्ट्रपति Ebrahim Raisi की मौत की पुष्टि की गई. जिसके बाद ख़बर आ रही है कि कई ईरानी लोगों ने उनकी मौत का 'जश्न' मनाया.

Advertisement
post-main-image
ईरान के राष्ट्रपति की मौत का जश्न मनाते लोग (फोटो: X)

ईरान में राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी (Ebrahim Raisi) की 19 मई, 2024 को हेलिकॉप्टर क्रैश में मौत हो गई. इस हेलिकॉप्टर दुर्घटना में वहां के विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियन की भी जान चली गई. 20 मई 2024 को ईरान की सरकारी मीडिया की तरफ से राष्ट्रपति की मौत की पुष्टि की गई. जिसके बाद कई ईरानी लोग उनकी मौत का 'जश्न' (Celebration of Ebrahim Raisi's Death) मना रहे हैं.

Advertisement

दरअसल, सोशल मीडिया पर दुनियाभर से कई वीडियो वायरल हैं. जिसमें ईरानी लोगों के साथ-साथ, विदेशों में रहने वाले कई प्रवासी ईरानी भी जश्न मनाते हुए देखे जा रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि ये लोग रईसी की मौत से 'खुश' हैं. वायरल वीडियोज में देखा जा सकता है कि कुछ लोग पटाखे जलाकर जश्न मना रहे हैं.

एक्टिविस्ट सलमान सीमा ने अपने X हैंडल से एक वीडियो शेयर किया है. जिसमें कई लोग ईरान, कनाडा और इजरायल के झंडे के साथ नाचते-गाते दिख रहे हैं. वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा,

Advertisement

“हमने तेहरान के कसाई इब्राहिम रईसी के बिना बेहतर दुनिया का जश्न नाच-गाकर मनाया. ईरानियों, इजरायलियों और कनाडाई लोगों की तरफ से शांति के लिए एक साथ डांस करने से ज़्यादा दिल को छू लेने वाली कोई बात नहीं है. इस तानाशाह की मौत पर हमारी खुशी में ईरानियों के साथ शामिल होने के लिए यहूदी भाइयों और बहनों का धन्यवाद.”

वहीं ईरानी-अमेरिकी पत्रकार मासिह अलीनेजाद ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक महिला नाचती दिख रही हैं. इस वीडियो को लेकर अलीनेजाद ने दावा किया,

“कुछ महीने पहले ही इस महिला के बेटे को इब्राहिम रईसी ने मौत के घाट उतरवा दिया था. अब वो रईसी की मौत पर नाच रही हैं. मैंने आपसे कहा था कि ईरान की महिलाएं घायल हैं लेकिन वो अत्याचार करने वालों के सामने कभी झुकेंगी नहीं. मेरे पूरा सोशल मीडिया ऐसे वीडियोज से भरा हुआ है, जिसमें मौत के घाट उतार दिए गए लोगों के परिजन ईरानी राष्ट्रपति की मौत का जश्न मना रहे हैं.”

Advertisement

इसके अलावा और भी कई ऐसे वीडियोज सामने आए हैं, जिसमें लोगों की तरफ से रईसी की मौत का जश्न मनाने का दावा किया जा रहा है.

मौत पर लोग खुश क्यों?

अब सवाल उठता है कि ये लोग उनकी मौत का जश्न क्यों मना रहे हैं. दरअसल, इब्राहिम रईसी साल 2021 में राष्ट्रपति चुनाव के बाद सत्ता में आए थे. उन्होंने  महिलाओं के कपड़ों पर प्रतिबंध लगाने और कठोर 'हिजाब कानून' (Hijab And Chastity Law) जैसे नियम लागू किए. ईरान की महिलाओं ने खुलकर हिजाब का विरोध किया था. इस दौरान ईरानी पुलिस ने 22 साल की लड़की महसा अमीनी (Mahsa Amini) को हिरासत में ले लिया था.

लेकिन पुलिस हिरासत में उनकी मौत हो गई थी. जिसके बाद से ईरान की धार्मिक शासन के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था. इस प्रदर्शन को भी रईसी सरकार की तरफ से कुचलने की कोशिश की गई थी और कई लोगों को फांसी पर चढ़ा दिया गया था. ईरानी सरकार की नीतियों की वजह से कई ईरानियों को अपना देश भी छोड़ना पड़ा था. और यही वजह है कि शायद लोग उनके मौत का जश्न मना रहे हैं.
इस खबर में जिन वायरल वीडियोज़ का ज़िक्र किया गया है वो सोशल मीडिया से लिए गए हैं. द लल्लनटॉप इन वीडियोज़ की सत्यता की पुष्टि नहीं करता.

वीडियो: दुनियादारी: ईरान क्रैश के पीछे कौन, क्या साज़िश का शिकार हुए इब्राहिम रईसी?

Advertisement