मुनरो-श्रेयस शो
यहां दिल्ली की हालत वही थी जो दिन के पहले मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स की थी. यानी कोलिन मुनरो और श्रेयस अय्यर की 40 और 45 रनों की पारियों के अलावा किसी का बल्ला चला नहीं. मुनरो ने 24 गेंदों में 40 रन मारे और श्रेयस ने 40 में 45 मारे. इनके अलावा ऋषभ पंत ने 23, क्रिस मोरिस ने 4, अक्षर पटेल ने 14, कीमो पॉल ने 7 और रबाडा ने 2 रन बनाए. दिल्ली के सामने संकट ये था कि वो हैदराबाद के सामने इस स्कोर को डिफेंड कैसे करेगी. मगर दिल्ली ने बाद में ऐसा फंसाया कि हैदराबाद फंस कर आत्महत्या करती दिखी.
वॉर्नर बिन सब सून
दिल्ली ने किसी तरह 155 तो बना लिए मगर सामने हैदराबाद के डेविड वॉर्नर और जिम्मी बेयरस्टो का अटैक था. दोनों आए और दिल्ली के खिलाफ रन बनाने शुरू किए. पहले बेयरस्टो 31 में 41 मार गए फिर डेविड वॉर्नर एक और फिफ्टी मार गए. 47 में 51 की पारी खेली. वॉर्नर के नाम के आगे ये शोभा नहीं देता है. काफी स्लो खेले और जैसे ही आउट हुए सब बिखर गया. केन विलियमसन 3 रन बना पाए, भुई 7, विजय शंकर 1, दीपक हुडा 3, अभिषेक शर्मा 2. राशिद खान 0, भुवनेश्वर कुमार 2 और खलील अहमद 0 रन बनाकर आउट हुए. यानी पूरी टीम 116 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हो गई. पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाए.
दिल्ली का जाल
अब आते हैं उन तीन गेंदबाजों पर जिन्होंने हैदराबाद के इन नवाबों पर नकेल कसी. ये हैं कगीसो रबाडा, क्रिस मोरिस और कीमो पॉल. रबाडा ने 3.5 ओवरों में 22 रन देकर 4 विकेट लिए, क्रिस मोरिस ने 3 ओवरों में 22 रन देकर 3 विकेट लिए और कीमो पॉल ने 4 ओवरों में 17 रन देकर 3 विकेट लिए. हैदराबाद की पारी यूं ढही कि इनके 8 विकेट सिर्फ 16 रन पर गिर गए. रबाडा ने पारी के 17वें ओवर में दो गेंद पर दो विकेट ले लिए. पहले वॉर्नर का और फिर विजय शंकर का. यानी वो हैट्रिक पर थे. मिली नहीं. ठीक इसी तरह क्रिस मोरिस जब पारी का 18वां ओवर करने आए तो दीपक हुडा दूसरी गेंद पर आउट हुए, तीसरी पर राशिद खान बिना खाता खोले लौट गए. हैट्रिक चांस था, हुई नहीं मगर आखिरी गेंद पर अभिषेक शर्मा भी आउट हो गए. इस ओवर में तीन विकेट गिर गए. 19वें ओवर में रबाडा ने दो गेंदों पर आखिरी दो को भी निपटा दिया. भुवनेश्वर और खलील आउट हुए.
लल्लनटॉप वीडियो भी देखें-










