“आप इंडिगो की फ्लाइट से यात्रा कर रहे हैं और आप बिना एसी के इस यात्रा को पूरा करेंगे.” फ्लाइट में ऐसी कोई घोषणा नहीं हुई. लेकिन ऐसा कुछ जरूर हुआ. 5 अगस्त को इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट नंबर 6E-7261 में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. चंडीगढ़ से जयपुर जा रही फ्लाइट में पूरी यात्रा के दौरान AC नहीं चलने की बात सामने आई है. पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष और MLA अमरिंदर सिंह राजा ने एक वीडियो शेयर किया है. इस यात्रा के दौरान हुई परेशानी की बात उन्होंने ट्विटर पर लिखी है. कई और लोगों ने ट्विटर पर ये वीडियो शेयर किया है.
फ्लाइट में टिश्यू पेपर से पसीना पोछते दिखे लोग, कांग्रेस विधायक बोले- बिना AC के ही यात्रा करनी पड़ी
इंडिगो की फ्लाइट के भीतर टिश्यू पेपर बांटने का वीडियो वायरल.


अमरिंदर सिंह राजा ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें यात्री पसीना पोंछते हुए नजर आ रहे हैं. वहीं, एयर होस्टेस लोगों को टिश्यू पेपर बांटती हुई नजर आ रही हैं. अमरिंदर सिंह ने बताया कि इंडिगो एयरलाइन से चंडीगढ़ से जयपुर की यात्रा के दौरान काफी भयानक अनुभव का सामना करना पड़ा. कांग्रेस MLA ने ट्वीट कर लिखा,
‘’पहले तो यात्रियों को 10-15 मिनट चिलचिलाती धूप में लाइन में इंतजार करवाया गया. जब फ्लाइट में लोग बैठे ताे उन्हें लगा कि गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी. लेकिन AC बंद था. फिर बगैर AC के ही फ्लाइट ने टेकऑफ कर दी. फ्लाइट में टेक ऑफ करने और लैंडिंग करने तक AC नहीं चला और पूरी यात्रा के दौरान यात्री परेशान होते रहे. लेकिन किसी ने भी इस मुद्दे पर ध्यान नहीं दिया. एयर होस्टेस लोगों को पसीना पोंछने के लिए टिश्यू पेपर बांट रही थीं. उमस वाली गर्मी में छाेटे बच्चों से लेकर महिलाएं और बड़े लोग परेशान होते रहे, जो कि वीडियो में साफ देखा जा सकता है.यह एक बड़ी तकनीकी खराबी थी लेकिन इनको केवल पैसे कमाने हैं. इसके लिए वे लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं.''
अमरिंदर सिंह राजा ने डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को टैग करते हुए इस वाकये पर सख्त एक्शन लेने की मांग की है.
हालांकि एयरलाइन की तरफ से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है. इंडिगो ने ट्वीट कर इस घटना पर माफी जरूर मांगी है. अमरिंदर सिंह राजा के ट्वीट के जवाब में इंडिगो ने ट्विटर पर लिखा,
"हमारे साथ हुई यात्रा के दौरान आपको हुई असुविधा के लिए हम माफी मांगते हैं. हम अपनी टीम के साथ मामले की जांच कर रहे हैं. साथ ही दूसरे यात्रियों से भी उनके अनुभवों को लेकर संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं."
5 अगस्त को लखनऊ में भी इंडिगो के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. आजतक से जुड़े आशीष श्रीवास्तव की रिपोर्ट के मुताबिक, चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस का ऑनलाइन बोर्डिंग सिस्टम फेल हो गया. जिस वजह से चेक-इन का काम मैनुअली करना पड़ा. ऐसे में सिस्टम फेल होने पर कई यात्रियों की उड़ान छूट गईं, जिससे नाराज यात्रियों ने हंगामा किया. ऐसे में कुछ यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से भेजा गया.
वीडियो: दंगाइयों के सामने खड़े हो गए शौकत, नूह हिंसा में कैसे महंत के साथ मिलकर गुरुकुल बचाया?
















