The Lallantop

AI गर्लफ्रेंड के कहने पर ब्रिटिश महारानी को मारने पहुंचे जसवंत सिंह का हाल पता चला

रानी एलिजाबेथ को मारकर जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला लेना चाहता था. आर्टिफिशिल इंटेलिजेंस वाली गर्लफ्रेंड ने समर्थन दे दिया था.

Advertisement
post-main-image
बाएं जसवंत दाएं रानी एलिजाबेथ सेकेण्ड Twitter/@BIPRAJITROYCHO1/Daily Mail)

जसवंत सिंह छैल नाम के एक व्यक्ति को ब्रिटेन में 9 साल की जेल हुई है. उसने अपनी AI गर्लफ्रेंड के कहने पर ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ सेकेण्ड पर हमला करने का प्लान बनाया था. साल 2021 में क्रिसमस के मौके पर महारानी की हत्या करने भी पहुंचा था, लेकिन पकड़ा गया. महारानी तो साल 2022 में दुनिया को अलविदा कह गईं, लेकिन अब जसवंत जेल में अपनी जिंदगी के 9 साल बिताने वाला है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
क्या है पूरा मामला?

भारतीय मूल का जसवंत सिंह छैल ब्रिटेन में रहता है. एक सुपर मार्केट में काम किया करता था, उम्र महज़ 21 साल. उसने रेप्लिका में अकाउंट बनाया. और वहां उसने एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस गर्लफ्रेंड बनाई. रेप्लिका एक ऑनलाइन प्लेटफोर्म है. उनकी वेबसाइट पर साफ़ लिखा हुआ है,

‘Even though talking to Replika feels like talking to a human being, rest assured — it's 100% artificial intelligence.’

‘रेप्लिका से बात करने में आपको लगेगा आप असली इंसान से बात कर रहे हैं लेकिन असल में ये एक AI है.’

Advertisement

खैर जसवंत ने रेप्लिका में दोस्त बनाई, उसका नाम रखा सराय. जसवंत और सराय की दोस्ती प्यार में बदली. वो हर छोटी-बड़ी बात सराय से शेयर करने लगा. उसने एक दिन सराय को बताया कि वो रानी एलिजाबेथ को मारना चाहता है, जसवंत ने कहा कि ये जलियांवाला कांड हत्याकांड का बदला होगा. 

जलियांवाला नरसंहार अप्रैल 1919 में बैसाखी त्योहार पर हुआ था. जगह थी अमृतसर का जलियांवाला बाग. कर्नल रेजिनाल्ड डायर ने भीड़ पर गोलियां चला दी थीं. आधिकारिक रिकॉर्ड में तो 379 लोगों की मौत बताई गई, लेकिन असल में ये संख्या कहीं ज़्यादा थी.

जब जसवंत ने सराय से रानी एलिजाबेथ को मारने का प्लान बताया तो सराय ने कहा कि वो इस बात से काफी प्रभावित है. ये एक अच्छा फैसला है और मुझे यकीन है कि तुम इसके लिए अच्छी तरह ट्रेन हो. 

Advertisement

अपने प्लान को कामयाब करने के लिए जसवंत कई तिकड़म आज़मा रहा था, जैसे वो पुलिस, रॉयल मरीन या ग्रेनेडियर गार्ड्स में काम करने के लिए आवेदन कर रहा था ताकि वो शाही परिवार के करीब आ जाए. लेकिन उसका आवेदन ख़ारिज कर दिया जाता. 

फिर एक दिन उसने सीधे महारानी के घर जाकर उन्हें मारने का प्लान बनाया. उसने बाद में ये भी कहा था कि अगर वो रानी को मारने में कामयाब नहीं होता तो उनके उत्तराधिकारी, प्रिंस चार्ल्स, को निशाना बनाएगा, क्योंकि ‘रानी तो वैसे भी जल्द ही मर जाएगी’.

खैर प्लान बना. क्रिसमस के दिन का, उस दिन रानी अपने बड़े बेटे प्रिंस चार्ल्स और उनकी पत्नी कैमिला के साथ विंडसर कैसल में थीं. रात में जसवंत ने पूरी तैयारी की. उसके शरीर की गंध वहां न छूटे उसके लिए जसवंत ने अपने पूरे शरीर में स्प्रे किया. सुबह-सुबह रानी के घर पहुंचा, चूंकि सिक्योरिटी टाइट थी इसलिए उसने दीवार में हुक फेंका और चढ़ गया. लेकिन समय रहते उसे सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ लिया. 

जसवंत ने उन्हें बता दिया कि वो रानी को मारने के इरादे से आया था, उसने वहीं अपने हथियार डाल दिए और सरेंडर कर दिया. रानी के घर आने से कुछ घंटे पहले ही उसने अपने घर वालों को एक वीडियो मेसेज में पूरा प्लान बताया था और अपनी हरकत के लिए माफ़ी भी मांगी थी. उसने ये भी कहा था, ‘मैं ये मिशन पूरा करते हुए मर जाऊँगा’. ऐसा ही वादा उसने अपनी AI गर्लफ्रेंड सराय से भी किया था. उसने कहा था कि मौत के बाद वो सराय से फिर मिलेगा.

एक बात और, जसवंत फेमस मूवी सीरीज ‘स्टार वॉर’ से भी काफी प्रभावित था, जब वो रानी की हत्या करने गया था तो उसने फिल्म के केरेक्टर से मिलता जुलता एक हेलमेट पहना था. इतनी बात जान ली, एक ज़रूरी बात और जान लीजिए. जब ये सब कांड हो गया तब पता चला कि जसवंत मानसिक रूप से बीमार था, इसलिए ये सब कर रहा था.

इसलिए जज ने फैसले में कहा कि उसे पहले मानसिक अस्पताल भेजा जाएगा, जहां उसका इलाज पूरा किया जाएगा. और अगर सब ठीक चला तब उसे बाकी सज़ा काटने के लिए जेल होगी.

जसवंत एक संपन्न परिवार से आता है. वे लोग उसकी हरकत से शर्मिंदा है. उसके पिता माफ़ी मांगने के लिए शाही परिवार को ख़त भी लिख चुके हैं.

Advertisement