मेलबर्न टेस्ट फंस गया है. ये इसलिए क्योंकि इंडिया अभी जीत से 2 विकेट दूर है और मौसम विभाग मेलबर्न में भारी बारिश की भविष्यवाणी कर रहा है. अगर आखिरी दिन धुल गया तो ऑस्ट्रेलिया इस मैच को ड्रॉ करवा ले जाए. यहां इंडिया और जीत के बीच एक बैट्समैन आ गया. नाम है पैट कमिंस. ऑस्ट्रेलिया के 8 विकेट गिर गए मगर आठवें विकेट पर खेलने आए पैट कमिंस ने नाबाद 61 रनों की पारी खेल डाली और इंडिया को जीत के लिए अब पांचवे दिन का इंतजार करना पडे़गा. यहां अंपायर्स ने इंडिया को एक्सट्रा आधा घंटा और नई गेंद भी दी मगर भारतीय बॉलर कमिंस को हिला नहीं पाए. कमिंस 103 गेंद खेलीं और 1 छक्के के साथ 5 चौके मारे. ये वही कमिंस हैं जिन्होंने दूसरी पारी में 27 रन देकर 6 विकेट भी लिए हैं.
चौथे दिन की शुरुआत मजेदार रही. सीरीज में 2-1 से बढ़त लेने की पूरी तैयारी कर ली. चौथे दिन मयंक अग्रवाल और ऋषभ पंत की जोड़ी मैदान पर बल्लेबाज करने उतरी. स्कोर 54/5 था. अपना पहला मैच खेल रहे मयंक इस पारी में 42 रन बनाकर आउट हुए और फिर ऋषभ पंत ने भी बल्ला चलाया और एक छक्के के साथ तीन चौके मारकर 33 रन जोड़ लिए. जडेजा भी 5 रन बनाकर आउट हुए और इंडिया का स्कोर 106/8 हो गया. इसी के साथ कोहली ने पारी डिक्लेयर कर दी. तब तक ऑस्ट्रेलिया को 399 रनों का टारगेट मिल चुका था. मगर ये मैच इंडिया के हाथ में था और ऑस्ट्रेलिया की बैटिंग में वो गहराई नहीं थी कि वो मैच को बचा ले. तो फिर क्या था, ऑस्ट्रेलिया का विकेट गिरने शुरू हो गए. पहला विकेट पारी के दूसरे ही ओवर में गिर गया. जसप्रीत बुमराह ने एरॉन फिंच को 3 रनों पर निपटा दिया. उसके बाद जडेजा ने मारकस हैरिस को मयंक अग्रवाल के हाथों कैच करवा दिया, स्कोर 33/2 हो गया. उस्मान ख्वाज़ा और शॉन मार्श ने टिकने की कोशिश की. मगर फिर मोहम्मद शमी ने दोनों के बीच की 30 रनों की पार्टनरशिप को तोड़ा और ख्वाज़ा 33 रन बनाकर निकल लिए. स्कोर 63/3 हो गया.

इस मैच असली हीरो पैट कमिंस हैं. 6 विकेट लिए और फिफ्टी भी मारी.
इसके बाद इंडिया को अगला विकेट काफी देर बाद मिला क्योंकि शॉन मार्श और ट्रेविस हेड टिक गए. दोनों ने 51 रनों की पार्टनरशिप कर डाली. मगर इस बार फिर शॉन मार्श बुमराह का शिकार बने. पहली पारी तरह इस बार भी मार्श एलबीडब्लयू हुए. स्कोर 114/4 हो गया. इसके बाद मिचेल मार्श का विकेट गया और फिर ट्रेविस हेड के विकेट के साथ उनके 157/6 हो गए. कप्तान टिम पेन 10 रन बनाकर आउट हुए और मिशेल स्टार्क 18 रन बनाकर आउट हो गए. ऑस्ट्रेलिया के 8 विकेट 215 के स्कोर पर गिर गए. यहां तक जडेजा ने तीन, बुमराह ने दो और इशांत शर्मा-शमी ने एक एक विकेट लिया है. जडेजा का ये 40वां टेस्ट है और उन्होंने इतने टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा विकेट ले लिए हैं. जड्डू के 189 विकेट पूरे हुए हैं. 40 टेस्ट में सबसे ज्यादा 175 विकेट अभी तक ऑस्ट्रेलिया के मिशेल जॉनसन के थे. वहीं इंडिया की तरफ से लेजेंडरी स्पिनर ईएएस प्रसन्ना ने इतने विकेट अपने 49 टेस्ट मैचों में लिए थे. कहना का मतलब ये कि जडेजा टेस्ट में अश्विन जैसे वर्ल्ड क्लास स्पिनर के साथ खेलते हुए भी लगातार अच्छा करते रहे हैं.
तो मैच पांचवें दिन पहुंच गया है. इंडिया को एक घंटा मैदान पर बॉलिंग की जरूरत है. मगर यहां बात फिर वहीं अटकती है कि कप्तान कोहली को पहली पारी में ही ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन दे देना चाहिए था. ताकि बारिश का डर भी इंडिया को जीत से दूर नहीं ले जाता. खैर, अब पांचवें दिन के खेल का इंतजार कीजिए. इंडिया इस ऐतिहासिक जीत से बस दो कदम दूर है.