The Lallantop

रूस क्रीमिया में उसके मिलट्री एयरबेस पर हुए धमाके पर सफाई दे रहा था, यूक्रेन मौज ले गया

रूस के रक्षा मंत्रालय की ओर से कहा गया कि बेस में ही किसी चूक के चलते ये एक्सिडेंट हुआ है.

Advertisement
post-main-image
रूसी एयर बेस में बड़ा धमाका (फोटो सोर्स- AP news)

क्रीमिया (Crimea) में एक रूसी हवाई अड्डे (Russian Airbase) पर बड़े धमाके की खबर सामने आई. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है और कई घायल हुए हैं. घटना मंगलवार, 9 अगस्त की बताई जा रही है. तेज धमाकों ने काला सागर पर साकी एयर बेस को हिलाकर रख दिया. रूस के युद्धक विमान यूक्रेन पर हमला करने के लिए इस एयर बेस का इस्तेमाल करते रहे हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

क्रीमिया टुडे न्यूज ने टेलीग्राम पर घटना की जानकारी देते हुए बताया- 

लोगों ने एक रनवे पर आग लगने और आसपास के घरों को नुकसान पहुंचने की सूचना दी. बताया गया कि वहां पर दर्जन भर ब्लास्ट हुए हैं.

Advertisement
घटना पर रूस और यूक्रेन की अलग राय 

यूक्रेन में सोशल मीडिया पर अटकलें लगाई जा रही हैं कि ये हमला यूक्रेनी लॉन्ग रेंज मिसाइलों से हुआ है. वहीं रूस इस बात से इनकार कर रहा है कि उसके हवाई अड्डे पर कोई गोलीबारी हुई है. रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि बेस में ही किसी चूक के चलते ये ‘एक्सिडेंट’ हुआ है.

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी टास ने मंत्रालय के एक अज्ञात सूत्र के हवाले से कहा-

फायर सेफ्टी से जुड़े नियमों का पालन करने में कुछ चूक होने के चलते वो विस्फोट हुए हैं. घटना में कोई युद्धक विमान डैमेज नहीं हुआ है.

Advertisement

वहीं यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने व्यंग्य करते हुए पोस्ट किया-

आग किस वजह से लगी, इस बारे में यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय को ज्यादा जानकारी नहीं. हमें फायर सेफ्टी और ऐसी जगहों पर धूम्रपान ना करने के नियमों को याद रखना चाहिए.  

न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक अगर वाकई यूक्रेन ने रूसी एयर बेस पर हमला किया है तो ये क्रीमिया में किसी रूसी सैन्य स्थल पर पहला बड़ा हमला होगा. क्रीमिया के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि घटना में नौ लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक अस्पताल में भर्ती है. बाकियों को कुछ समय में ही डिस्चार्ज कर दिया गया.

रूस ने लंबे समय से यूक्रेन को चेतावनी दी हुई है कि क्रीमिया पर किसी भी तरह का हमला होने पर बड़े पैमाने पर जवाबी कार्रवाई होगी. ऐसा होता है तो कीव में जरूरी जगहों पर हमले किए जाएंगे. वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति ने क्रीमिया को रूस से वापस लेने की कसम खाई है. राष्ट्रपति व्लोदोमिर जेलेंस्की ने मंगलवार को एक वीडियो संबोधन में कहा-

यूक्रेन के खिलाफ और पूरे स्वतंत्र यूरोप के खिलाफ यह रूसी युद्ध क्रीमिया के साथ शुरू हुआ और खत्म भी क्रीमिया और इसकी आजादी के साथ होना चाहिए. हम लगातार क्रीमिया की मुक्ति के लिए जरूरी उपाय कर रहे हैं.

हाल के हफ्तों में यूक्रेनी सैनिक दक्षिणी यूक्रेन के रूसी कब्जे वाले क्षेत्रों में पलटवार कर रहे हैं. साथ ही पूर्व में डोनबास क्षेत्र में रूसी सेना को रोकने की कोशिश भी की जा रही है. 

दोनों देशों के बीच युद्ध के दौरान रूस ने यूक्रेनी सीमा के पास अपने क्षेत्र में आग लगने और विस्फोट की सूचना दी. उनमें से कुछ विस्फोटों के लिए रूस ने यूक्रेनी हमलों को भी जिम्मेदार ठहराया. वहीं यूक्रेन के अधिकारी ज्यादातर घटनाओं के बारे में चुप रहे हैं.

देखें वीडियो- NATO पर पुतिन की ये गलती रूस को ले डूबेगी?

Advertisement