The Lallantop

हाथरस भगदड़ मामले में SIT ने आयोजन समिति और प्रशासन पर उठाए सवाल, 'भोले बाबा' को क्लीन चिट!

Hathras Stampede Accident मामले में गठित SIT ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है. रिपोर्ट में आयोजन समिति और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं.

Advertisement
post-main-image
हाथरस भगदड़ मामले में SIT ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है. (इंडिया टुडे)

हाथरस भगदड़ (Hathras Stampede) मामले की जांच को लेकर गठित SIT ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है. SIT ने 300 पन्ने में अपनी रिपोर्ट दी है. इस रिपोर्ट में भगद़ड़ के लिए आयोजन कमिटी की लापरवाही को जिम्मेदार बताया गया है. इसके अलावा प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं. हालांकि इस रिपोर्ट में सूरजपाल उर्फ साकार विश्व हरि उर्फ 'भोले बाबा' का जिक्र तक नहीं है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, SIT ने 300 पन्नों की रिपोर्ट में 119 लोगों के बयान दर्ज किए हैं. इनमें हाथरस के DM आशीष कुमार, SP निपुण अग्रवाल, सत्संग की अनुमति देने वाले SDM, CO सिकंदराराऊ और दो जुलाई को सत्संग के दौरान ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों के बयान शामिल हैं. इसके अलावा SIT ने सत्संग के दौरान मची भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों और घायल हुए लोगों के बयान भी दर्ज किए गए है.

सूत्रों के मुताबिक, SIT ने ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि सत्संग आयोजित करने वाली कमिटी ने अनुमति से ज्यादा लोग बुलाए. जिसके लिए उनके पास पर्याप्त इंतजाम नहीं थे. इसके अलावा SIT ने प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं. उनके मुताबिक पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के बावजूद कार्यक्रम की अनुमति दी गई. और मौके पर अफसरों ने मुआयना नहीं किया जिसके कारण ये हादसा हुआ.

Advertisement

सत्संग में 2 लाख से अधिक लोग पहुंचे थे. जबकि सत्संग आयोजन कमिटी ने करीब 80,000 लोगो के लिए अनुमति मांगी थी. ऐसे में प्रशासन और आयोजन कमेटी सवालों के घेरे में है. SIT की जांच टीम में आगरा जोन के एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ और अलीगढ़ के कमिश्नर चैत्रा वी शामिल थी.

ये भी पढ़ें - हाथरस भगदड़: क्या सत्संग स्थल पर जहर छिड़का गया? बाबा सूरजपाल के वकील का दावा- 'सब साजिश है'

हाथरस भगदड़ हादसे में 121 लोगों की मौत

बीते दो जुलाई को उत्तर प्रदेश के हाथरस में सूरजपाल उर्फ 'भोले बाबा' के सत्संग में भगदड़ मची थी. जिसमें 121 लोगों की मौत हो गई थी. जिनमें ज्यादातर महिलाएं शामिल थी. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर को गिरफ्तार कर लिया गया है. इसके अलावा छह और आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है. ये सभी आरोपी सत्संग आयोजन समिति के सदस्य थे.

Advertisement

वीडियो: हाथरस भगदड़: 'सब साजिश है', बाबा सूरजपाल के वकील एपी सिंह का दावा

Advertisement