The Lallantop

बेटे पर गोलियां चलाने वालों को लाठी और झाड़ू से भगाने वाली मां अब ये बोली हैं

गोलियां चला रहे हमलावर चार थे. मां अकेली. हाथ में लाठी और झाड़ू.

Advertisement
post-main-image
हरियाणा के भिवानी शहर में पुरानी रंजिश के चलते 4 हथियारबंद लोगों ने एक शख्स पर गोलियां चला दीं. (फोटो क्रेडिट - इंडिया टुडे)

हरियाणा के भिवानी शहर में अचानक गोलियां चलने से तहलका मच गया (Bhiwani shooting). यहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर गोलियां चलाई गईं. वो इससे बचने के लिए घर के अंदर भाग गया. लेकिन एक महिला ने बड़ी हिम्मत से हमलावरों का सामना किया. उन्होंने केवल डंडे और झाड़ू के दम पर बदमाशों को भगा दिया. ये पूरी घटना CCTV में कैद हो गई. अब बहादुर महिला की हर तरफ चर्चा हो रही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े जगबीर घनघस की एक रिपोर्ट के अनुसार, 28 नवंबर की सुबह भिवानी की डाबर कॉलोनी में रहने वाले हरिया उर्फ हरिकिशन के घर के बाहर कई गोलियां चलीं. यहां बाइक सवार 4 हथियारबंद लोगों ने हरिया पर एक साथ 8-10 गोलियां दाग दीं. हरिया इस समय अपने घर के बाहर खड़ा था. उसे 3 गोलियां लगी हैं.

CCTV फुटेज में दिखाई देता है कि इसी समय एक महिला मकान से बाहर निकल कर आती है. उसके हाथ में एक झाड़ू है. वो देखते ही देखते इस गोलीबारी के बीच पहुंच जाती है और बिना किसी डर के हथियारबंद लोगों पर वार करने लगती है. आरोपी महिला पर भी गोली चलाते हैं. लेकिन वो डरती नहीं है. बल्कि हिम्मत से उनका सामना करती है. ये देखते ही हमलावर फरार हो जाते हैं.

Advertisement
कौन हैं हरिया को बचाने वाली महिला?

महिला ने बताया कि उनका नाम शकुंतला है. घटना के समय वे अपने घर में पशुओं के बाड़े में झाड़ू लगा रही थीं. उनके पड़ोस के घर में शादी थी. तभी उन्हें पटाखा चलने की आवाज आई. उन्हें लगा कि शादी में कोई पटाखे फोड़ रहा होगा. उनके पशु इस आवाज से न डरें इसलिए वे पटाखे फोड़ने से रोकने के लिए बाहर आती हैं.

ये भी पढ़ें- भिवानी हत्या: क्या जुनैद और नासिर के पास कोई गाय मिली थी?

बाहर आकर उन्हें दिखाई देता है कि कुछ लोग हरिया पर गोली चला रहे हैं. वे तुरंत ही झाड़ू और डंडे से हमलावरों पर हमला करती हैं. महिला ने बताया कि हरिया उनका बेटा है. उन्होंने कहा,

Advertisement

"कोई और मां भी मेरी जगह होती तो वो भी अपने बेटे को बचाने के लिए बिना डरे और अपनी जान की परवाह किए उसे बचाती, जैसे कि मैंने अपने बेटे को बचाया."

हमले के बाद हरिया को तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया. जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रोहतक के पीजीआई रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत हरिया के घर पहुंची. लेकिन इतनी बड़ी घटना के बाद भी घरवालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है. न ही उन्होंने पुलिस को जांच करने के लिए कहा.

ये भी पढ़ें- कौन हैं मोनू मानेसर, जिसे भिवानी हत्याकांड के बाद भी पकड़ा नहीं जा सका? 

मौके पर पहुंचे अनाज मंडी चौकी के ASI दीपक कुमार ने बताया कि हरिया पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. उन्होंने कहा कि परिवारवालों के शिकायत करने पर और CCTV देखने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. 

वीडियो: भिवानी हत्याकांड के आरोपी निकले पुलिस के 'मुखबिर', मोनू मानेसर के बारे में भी ये पता चला.

Advertisement