गुरुग्राम में एक शख़्स ने कथित तौर पर अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर दी. कारण सिर्फ़ ये कि पार्टनर ने आरोपी के कहने पर एग करी (अंडा करी) बनाने से मना कर दिया. पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया गया है. पूछताछ में आरोपी ने जुर्म क़ुबूल लिया है. उसके मुताबिक दोनों की मुलाक़ात लगभग 7 महीने पहले हुई थी. इसके बाद दोनों साथ रहने लगे.
लिव-इन पार्टनर ने अंडा करी बनाने से मना किया, बात इतनी बढ़ी कि साथी ने हथौड़े से जान ले ली
Gurugram का ये मामला है, पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी लिव-इन पार्टनर को अरेस्ट कर लिया.

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक़, शनिवार, 16 मार्च को गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि चौमा गांव में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में एक महिला का शव मिला. शव देखने के बाद बिल्डिंग के केयरटेकर ने पुलिस को ख़बर दी. मौक़े पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू की. कुछ ही घंटों में आरोपी को ढूंढ निकाला. आरोपी लल्लन यादव (35) को पालम विहार पुलिस स्टेशन की एक टीम ने दिल्ली के सराय काले खां इलाक़े से गिरफ़्तार किया. पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसने ग़ुस्से में अंजलि (32) की हत्या कर दी. उसने ये भी बताया कि वो घटना के समय शराब के नशे में था.
पुलिस ने बताया कि जिस निर्माणाधीन बिल्डिंग में शव मिला, उसका मालिक, आरोपी लल्लन यादव और अंजलि को 10 मार्च को गुरुग्राम बस स्टैंड से काम करने के लिए लेकर आया था. बिल्डिंग मालिक के मुताबिक आरोपी लल्लन ने अंजलि को अपनी पत्नी बताया था. आरोपी ने पुलिस पूछताछ के दौरान भी बताया कि उसकी पत्नी की तो 6 साल पहले सांप के काटने से मौत हो गई थी. इसके बाद वो दिल्ली में रहने लगा था. फिर उसकी मुलाकात अंजलि से हुई. अंजलि मजदूरी करती थी.
ये भी पढ़ें - लिव-इन में महिला की हत्या, टुकड़े किए, फिर कूकर...
पालम विहार के SP नवीन कुमार ने बताया,
“आरोपी लल्लन यादव, अंजलि की हत्या के बाद से फरार था. हमने हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा और बेल्ट को बरामद कर लिया है. आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है.”
पुलिस ने बताया कि आरोपी बिहार के मधेपुरा का रहने वाला है. वो पिछले कई सालों से दिल्ली में ही मज़दूरी का काम करता है.
वीडियो: आंध्र प्रदेश की महिला ने लड़कियों का यौन शोषण किया, तो लिव इन में रहने वाले ने सुसाइड कर लिया













