
फिल्म 'गली बॉय' के एक सीन में बेटे मुराद के साथ रज़िया शेख. यानी रणवीर सिंह के साथ अमृता सुभाष.
अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अमृता ने हाथी के साथ एक वीडियो पोस्ट किया. वो 2015 में आई उनकी मराठी फिल्म 'अस्तु' का एक सीन है, जिसमें अमृता लक्ष्मी नाम की हथिनी के साथ नज़र आ रही हैं. अपने इस पोस्ट में अमृता लिखती हैं-
''इसका नाम लक्ष्मी है. सुमित्रा भावे और सुनिल सुखथनकर डायरेक्टेड फिल्म 'अस्तु' में ये मेरी सह-कलाकार थी. मुझे उसके साथ रहने और काम करने के लिए ट्रेनिंग दी गई थी. मैंने (वीडियो में सुनाई दे रहा) ये गाना गाया था. जैसे ही मैंने उसे पहली बार देखा, मुझे उससे प्यार हो गया. शूटिंग के दौरान उसका भी मुझसे बहुत लगाव हो गया था. फिल्म के एक सीन में ज़रूरत के हिसाब से मैं हड़बड़ाकर बात कर रही थी. लक्ष्मी ने मुझे ऐसे बात करते हुए सुना और अपनी सूंढ़ से मेरा माथा थपथपाने लगी. मानों सांत्वना दे रही हो, शांत करवा रही हो. उसे नहीं पता था कि ये सीन है और मैं जो कर रही हूं वो रियल नहीं है. वो बहुत संवेदनशील थी. अगर कोई उससे तंजनुमा लहज़े में बात करता, तो वो समझ जाती और उस शख्स से नाराज़ हो जाती थी.
जबसे मैंने केरल में प्रेग्नेंट हाथी के साथ हुई घटना के बारे में सुना है, मुझे लक्ष्मी की याद आ रही है. लेकिन एक बात तय है कि जब मैं अगली बार उससे मिलूंगी, तो मैं उससे नज़र नहीं मिला पाऊंगी. मैंने सुना है हाथियों का एक दूसरे के साथ और जिन्हें भी वो प्रेम करती हैं उनके साथ स्पीरिचुअल कनेक्ट यानी आध्यात्मिक जुड़ाव होता है. इसका मतलब लक्ष्मी को पता है कि उसकी बहन के साथ केरल में क्या हुआ. मेरा सौभाग्य रहा कि मुझे कुछ दिन पहले एक कमाल के इंसान से बात करने का मौका मिला. उनका नाम है आनंद शिंदे. वो हाथियों को समझ सकते हैं और उन्हें अपनी बात समझा सकते हैं (Elephant Whisperer). उन्होंने मुझे हाथियों से जुड़ी कई दिव्य कहानियां सुनाईं. लेकिन वो चिंतित थे कि हाथियों की प्रजाति खत्म हो रही है. लक्ष्मी... मुझे तुम्हारी चिंता हो रही है. तुमने मुझे बहुत प्यार दिया है. भगवान करे, तुम और तुम्हारी प्रजाति लंबे समय तक जीवित रहे.''
अमृता की ये बात प्यारी होने के साथ-साथ बड़ी रुआंसा करने वाली भी है. हमें उनकी बात समझनी चाहिए और उनसे सीखना चाहिए. ताकि हमने जो किया, वो आगे न करें. इंसान बने रहें.
वीडियो देखें: केरल में पटाखे से गर्भवती हथिनी की मौत के बारे में पुलिस ने अब क्या बताया?























