लखनऊ और पंजाब के गुरदासपुर के बाद एक बार फिर पिटबुल (Pitbull Dog) के हमले की खबर सामने आई है. इस बार घटना गाजियाबाद (Ghaziabad) में हुई. यहां एक छोटी बच्ची पर पिटबुल ने हमला कर दिया. ये हमला इतना खतरनाक था कि पिटबुल ने बच्ची का कान चबा लिया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कुत्ते के मालिक ने पहले बच्ची के इलाज का वादा किया लेकिन बाद में वो इससे मुकर गया. जिसके बाद घायल बच्ची के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
झूला झूल रही बच्ची का कान चबा गया पिटबुल, अब इलाज में 6 लाख खर्च होंगे
कुत्ते के मालिक ने बच्ची के इलाज का खर्च उठाने का वादा किया, लेकिन बाद में मुकर गया. बच्ची के पिता ने केस दर्ज कराया.


आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक घटना गाजियाबाद जिले के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में स्थित राहुल गार्डन कॉलोनी के पास की बताई जा रही है. यहां रहने वाले प्रेम कुमार की सात साल की बेटी अपने घर के बाहर झूला झूल रही थी. तभी अचानक उस पर पड़ोसी के पिटबुल ने हमला कर दिया. पिटबुल ने झूला झूल रही बच्ची को झूले से नीचे खींचा और उसे घसीटते हुए काफी दूर ले गया. इस हमले में बच्ची का कान जख्मी हो गया. बच्ची की चीख सुनकर रास्ते से गुजर रहे लोगों उसे कड़ी मशक्कत के बाद उसे बचाया. हमले से घायल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने बच्ची के घाव का प्राथमिक उपचार कर परिजनों को उसके कान की सर्जरी कराने की सलाह दी है.
घायल बच्ची के पिता ने आजतक को बताया कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है. डॉक्टरों ने उन्हें बताया है कि इस सर्जरी में दो से ढाई साल का समय लग सकता है और करीब 6 लाख रुपयों का खर्च आएगा. हमले के बाद कुत्ते के मालिक ने पीड़ित परिवार से बच्ची के इलाज का सारा खर्च उठाने का वादा किया था, ताकि मामला आगे न बढ़े. लेकिन जब उसे पता चला कि सर्जरी में लाखों का खर्च आएगा, वो अपने वादे से मुकर गया. जिसके बाद मजबूरन बच्ची के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. बच्ची के पिता का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी लोनी थाना पुलिस की ओर से इस मामले में कोई एक्शन नहीं लिया.
पिटबुल के द्वारा किए गए इस तरह के हमलों की कई खबरें पहले भी आ चुकी हैं. गाजियाबाद की घटना से कुछ ही दिन पहले मेरठ (Meerut) के मवाना इलाके में पिटबुल ने एक बच्चे पर हमला कर दिया था. पिटबुल ने बच्चे का जबड़ा पकड़ लिया था. बड़ी मुश्किल से लोगों ने पेचकस की मदद से बच्चे को पिटबुल की पकड़ से छुड़ाया था. इस दौरान पिटबुल की कैद से बच्चे को छुड़ाने आए मालिक को भी पिटबुल ने बुरी तरह से घायल कर दिया था. वहीं घायल बच्चे के चेहरे पर कई टांके आए थे.
इसी तरह की घटना पंजाब के गुरदासपुर से भी सामने आई थी. यहां पिता के साथ स्कूटर पर जा रहे बच्चे पर पिटबुल ने हमला कर दिया था. इस हमले में बच्चे के कान को पिटबुल ने जख्मी कर दिया था. वहीं लखनऊ (Lucknow) के केसरबाग इलाके के बंगाली टोला में एक 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला को उसी के पालतू पिटबुल ने नोच-नोचकर मार डाला था. इस घटना ने सभी को चौंका दिया था. घटना के बाद नगर निगम की गाड़ी आकर पिटबुल को ले गई थी.
वीडियो: किन देशों में पिटबुल पालने पर बैन, भारत में क्या स्थिति?





















