The Lallantop

यौन शोषण के आरोपी सांसद प्रज्वल रेवन्ना को दादा एचडी देवेगौड़ा की कड़ी चेतावनी, "अब लौट आओ वर्ना..."

एचडी देवेगौड़ा ने प्रज्वल रेवन्ना के लिए कहा, "मैं उनको कड़ी चेतावनी दे सकता हूं और उससे कह सकता हूं कि वह जहां भी हैं वहां से लौट आएं और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दें. उन्हें खुद को कानून को सौंप देना चाहिए. यह कोई अपील नहीं है जो मैं कर रहा हूं, यह एक चेतावनी है जो मैं जारी कर रहा हूं."

Advertisement
post-main-image
पत्र में उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्हें अपने पोते की कथित गतिविधियों के बारे में जानकारी नहीं थी. (फ़ोटो/आजतक)

यौन शोषण के आरोपी JDS सांसद प्रज्वल रेवन्ना को उनके दादा और देश के पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने चेतावनी दी है (HD Deve Gowda warns Prajwal Revanna). JDS अध्यक्ष ने अपने पोते से कहा है कि अगर वह वापस नहीं आए और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण नहीं किया तो उन्हें परिवार से अलग कर दिया जाएगा. एचडी देवेगौड़ा ने प्रज्वल रेवन्ना के नाम चिट्ठी जारी करते हुए ऐसा कहा है. बता दें कि प्रज्वल रेवन्ना अपने कथित सेक्स वीडियो सामने आने से ठीक पहले विदेश चले गए थे. अब तक उनकी घर वापसी नहीं हुई है.

Advertisement
"प्रज्वल रेवन्ना को मेरी चेतावनी"

पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा ने एक्स पर इस शीर्षक से दो पन्नों का पत्र शेयर किया. पत्र में उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्हें अपने पोते की कथित गतिविधियों के बारे में जानकारी नहीं थी. पत्र में उन्होंने आगे कहा,

“पिछले कुछ हफ्तों में लोगों ने मेरे और मेरे परिवार के ख़िलाफ़ कितने कठोर शब्दों का इस्तेमाल किया है. मुझे इसकी जानकारी है. मैं उन्हें रोकना नहीं चाहता. मैं उनकी आलोचना नहीं करना चाहता. मैं उनसे बहस करने की कोशिश नहीं करूंगा. लेकिन उन्हें सारे तथ्य सामने आने तक इंतजार करना चाहिए था. मैं लोगों को यह भी विश्वास नहीं दिला सकता कि मैं प्रज्वल की गतिविधियों से अनजान था. मैं उन्हें यह विश्वास नहीं दिला सकता कि मुझे उसकी (प्रज्वल रेवन्ना) सहायता करने की कोई इच्छा नहीं है. मुझे उसकी विदेश यात्रा के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. मैं अपनी अंतरात्मा को जवाब देने में विश्वास रखता हूं. मैं ईश्वर में विश्वास करता हूं."

Advertisement

देवेगौड़ा ने प्रज्वल को चेतावनी दी कि अगर उनके मन में उनके दादा के प्रति कोई सम्मान है तो वह लौट आएं. उन्होंने लिखा, 

''मैं केवल एक ही काम कर सकता हूं. मैं प्रज्वल को कड़ी चेतावनी दे सकता हूं और उससे कह सकता हूं कि वह जहां भी हैं वहां से लौट आएं और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दें. उन्हें खुद को कानून को सौंप देना चाहिए. यह कोई अपील नहीं है जो मैं कर रहा हूं, यह एक चेतावनी है जो मैं जारी कर रहा हूं."

देवेगौड़ा ने प्रज्वल से यह भी कहा कि परिवार के सदस्यों की बात न सुनने से वह पूरी तरह से अलग पड़ जाएंगे. उन्होंने कहा,

Advertisement

"अगर वह इस चेतावनी पर ध्यान नहीं देते हैं, तो उन्हें मेरे और अपने परिवार के सभी सदस्यों के गुस्से का सामना करना पड़ेगा. कानून उसके खिलाफ आरोपों को देखेगा, लेकिन परिवार की बात न सुनने से उसको पूरी तरह अलग होना पड़ेगा. अगर उसके मन में मेरे लिए कोई सम्मान बचा है, तो उसे तुरंत वापस लौटना चाहिए."

इस बीच, पूर्व प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि वह किसी भी तरह से जांच में दखल नहीं देंगे.

यह भी पढ़ें: Lok Sabha Election 2024 News Live: 'परिवार की इज्जत के लिए देश लौट आओ' चाचा कुमारस्वामी ने प्रज्वल रेवन्ना से की अपील

सिद्धारमैया ने पीएम को पत्र लिखा

वहीं कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने 22 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा. उन्होंने पीएम से निलंबित सांसद प्रज्वल रेवन्ना का राजनयिक पासपोर्ट रद्द करने का आग्रह किया. अपने पत्र में सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि यह "शर्मनाक" है कि प्रज्वल रेवन्ना 27 अप्रैल को अपने राजनयिक पासपोर्ट का उपयोग करके जर्मनी भाग गए. उन्होंने पत्र में आगे लिखा,

“यह शर्मनाक है कि हासन सांसद प्रज्वल रेवन्ना देश छोड़कर भाग गए. अपने कारनामों की ख़बर सामने आने और उसके ख़िलाफ़ पहली FIR दर्ज होने से कुछ घंटे पहले, 27 अप्रैल को वे अपने राजनयिक पासपोर्ट संख्या D1135500 के जरिए जर्मनी चले गए. कर्नाटक सरकार ने मामले की जांच के लिए का SIT बनाकर न्याय के उद्देश्य को पूरा करने के लिए तुरंत कार्रवाई की है.”

कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने कहा, 

"गंभीर चिंता का विषय है कि प्रज्वल रेवन्ना अपने खिलाफ लुक आउट सर्कुलर और ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी होने के बावजूद आज तक छिपने में कामयाब रहे हैं."

इससे पहले 1 मई को भी CM सिद्धारमैया ने PM मोदी को प्रज्वल का पासपोर्ट रद्द करने और उन्हें भारत लाने में मदद करने के लिए लेटर लिखा था.

वीडियो: सेक्स स्कैंडल का आरोपी सांसद प्रज्वल रेवन्ना कैसे भागा

Advertisement