The Lallantop

इंदौर के आश्रम में 5 बच्चों की मौत, संचालिका के साथ हंसी-मजाक करते दिखे SDM हटाए गए

Indore Orphanage में 5 बच्चों की मौत जांच करने पहुंचे SDM लगा रहे थे ठहाके, कलेक्टर ने की बड़ी कार्रवाई.

Advertisement
post-main-image
मौत की जांच के लिए ADM की अध्यक्षता में एक जांच पैनल का गठन किया गया है. (फोटो- सोशल मीडिया)

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक अनाथ आश्रम में कथित तौर पर तबीयत बिगड़ने से 5 बच्चों की मौत हो गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पांच में से चार बच्चों की मौत रविवार को आश्रम में खाना खाने के बाद फूड पॉइजनिंग से हुई. वहीं, आश्रम के 30 अन्य बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें चार से पांच बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है. इस मामले को लेकर मध्य प्रदेश सरकार ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं.  

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

वहीं, एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में एसडीएम ओम नारायण बड़कुल को पद से हटा दिया गया है. उन पर आरोप है कि आश्रम पहुंच कर वो मासूमों की मौत पर कार्रवाई करने के बजाय आश्रम संचालिका अनिता शर्मा के साथ ‘हंसी-मजाक’ करते दिखे. इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर आशीष सिंह ने एसडीएम ओम नारायण बड़कुल को उनके ‘असंवेदनशील’ व्यवहार की वजह से पद से हटा दिया है.

घटनाक्रम के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री तुलसी सिलावट भोपाल से रवाना हो गए हैं. सीएम के निर्देश पर वे सीधे चाचा नेहरू अस्पताल पहुचेंगे. इसके बाद तुलसी सिलावट मामले की रिपोर्ट सीएम को देंगे.

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक, अनाथ आश्रम में हुई बच्चों की मौत की जांच के लिए ADM की अध्यक्षता में एक जांच पैनल का गठन किया गया है. साथ ही अनाथालय की रसोई से भोजन के नमूने एकत्र किए गए हैं जिससे संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के कारण निर्धारित करने के लिए उसकी जांच की जा सके. 

मामले पर ADM ने समाचार एजेंसी ANI को बताया, 

Advertisement

'मंगलवार 2 जुलाई की सुबह, हमें सूचना मिली कि श्री युगपुरुष धाम आश्रम में कुछ बच्चों की मौत हो गई और कुछ उल्टी और दस्त से पीड़ित थे. बीमार बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. मामले की जांच चल रही है और नगर निगम की एक टीम के साथ डॉक्टरों और खाद्य सुरक्षा की एक टीम को जांच के लिए भेजा गया है. खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके से नमूने लिए हैं. इसकी जांच के बाद घटना का कारण पता चलेगा.’

न्यूज एजेंसी से मिली सूचना के अनुसार आश्रम के एक अधिकारी ने बताया कि आश्रम में करीब 204 बच्चे रहते हैं. इनमें से अधिकतर अनाथ और मानसिक बीमारियों से पीड़ित हैं. यह आश्रम मल्हारगंज थाना इलाके में स्थित है.

वीडियो: PM Modi ने Manipur पर दिया जवाब, अमित शाह का नाम लेकर सब बता दिया

Advertisement