महिला रिपोर्टर को लाइव TV पर थप्पड़, फिर हवाई फायरिंग
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल.
Advertisement

चैनल पर एंकरिंग के दौरान साइमा कंवल.
महिला रिपोर्टर चैनल पर लाइव थी. उसकी एक गार्ड से ऑन कैमरा खटपट हुई और गार्ड ने उसे थप्पड़ मार दिया. जर्नलिस्ट दोबारा कैमरे पर नहीं दिखाई दी. बस गोलियों की आवाज़ ही सुनाई दी. जो शायद बंदूकधारी गार्ड ने हवा में चलाई होंगी, ये खबर उस देश की है, जो अपन को बात बात पर न्यूक्लियर बम की धमकी देता है. हां जी, हमारा प्यारा पड़ोसी पाकिस्तान. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो सिक्योरिटी गार्ड पर कार्रवाई का दबाव बना. केस दर्ज हो गया है लेकिन गार्ड अभी गिरफ्तार नहीं हुआ है. कराची के नाज़िमाबाद में नेशनल डाटा बेस रजिस्ट्रेशन अथॉरिटी (नादरा) का ऑफिस है. वहां लोगों को आईडी कार्ड बनवाने में बड़ी ही दिक्कतें पेश आती हैं. वहां जर्नलिस्ट साइमा कंवल पाकिस्तान के एक प्राइवेट चैनल K-21 के लिए लाइव रिपोर्टिंग कर रही थीं. और दिखा रही थीं कि आईकार्ड बनवाने में लोगों को कैसे मुश्किलों से गुजरना पड़ता है. साइमा की रिपोर्टिंग सिक्योरिटी गार्ड को नागावर गुजरी और वो उनके कैमरामैन को वहां से हटाने लगे. साइमा उसे ऐसा न करने के लिए खबरदार करती रहीं. फिर उन्होंने, कैमरा उसकी तरफ मोड़कर दिखाना शुरू कर दिया, 'यही है वो आदमी' के अंदाज़ में. कहने लगीं कि जब एक रिपोर्टर के साथ ऐसा सलूक हो रहा है तो आम लोगों के साथ कैसा बर्ताव किया जाता होगा. बस इतना कहते ही फ्रंटियर कांस्टेबलरी (FC) गार्ड का दिमाग फ्यूज हो गया और उसने साइमा को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया. इसके बाद हवा में तड़ातड़ गोलियां चलने की आवाज आई.
Advertisement









