हुआ यूं कि कल ही जाह्नवी की फिल्म ‘गुडलक जेरी’ की शूटिंग शुरू हुई. पंजाब के बस्सी पठाना में. कुछ किसान भी वहां पहुंच गए. फार्म बिल्स के खिलाफ प्रोटेस्ट करने के लिए. शूटिंग रुकवा दी. केंद्र सरकार और बॉलीवुड के खिलाफ नारेबाज़ी करने लगे. किसी भी तरह मानने को तैयार नहीं हुए. आखिरकार, जाह्नवी ने उनकी मांगों का समर्थन किया. तब जाकर फिर से शूट शुरू हो पाया. ये फिल्म फिल्म डायरेक्टर आनंद एल राय के बैनर कलर येलो प्रोडक्शंस के अंडर बन रही है. जाह्नवी के अलावा सुशांत सिंह, दीपक डोबरियाल, मीता वशिष्ठ और नीरज सूद जैसे एक्टर्स भी फिल्म का हिस्सा हैं.
जाह्नवी ने किसान आंदोलन को सपोर्ट करते हुए अपने इंस्टाग्राम पर स्टोरी भी शेयर की. लिखा,
किसान हमारे देश का दिल हैं. वो हमारे देश के अन्नदाता हैं. मैं इसकी अहमियत समझती हूं. उम्मीद करती हूं कि जल्दी कोई रास्ता निकले जो हमारे किसानों के हित में हो.

जाह्नवी कपूर ने अपने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर की. फोटो - इंस्टाग्राम
बता दें कि जाह्नवी से पहले दिलजीत दोसांझ, सोनू सूद, प्रियंका चोपड़ा जोनस, तापसी पन्नू, स्वरा भास्कर और ऋचा चड्ढा भी खुलकर किसानों के सपोर्ट में बोल चुके हैं.
वर्क फ्रन्ट की बात करें तो ‘गुडलक जेरी’ के अलावा जाह्नवी की दो और फिल्में आने वाली हैं. ‘रूही अफ़ज़ाना’ और ‘दोस्ताना 2’. ‘गुडलक जेरी’ 2018 में आई एक हिट तमिल फिल्म का ऑफिशियल रीमेक है. नाम था ‘कोलमावू कोकिला’. यहां लीड में थीं तमिल सुपरस्टार नयनतारा.
























