भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर (External Affairs Minister S Jaishankar) ने आतंकवाद के मुद्दे पर पड़ोसी देश पाकिस्तान (Pakistan) को एक बार फिर घेरा. जयशंकर ने कहा कि भारत को IT (इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) में एक्सपर्ट माना जाता है तो वहीं पड़ोसी देश को अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद में एक्सपर्ट माना जाता है.
'हम IT एक्सपर्ट हैं और वो आतंकवाद में एक्सपर्ट', पाक को जयशंकर ने खूब लथेड़ा
विदेश मंत्री एस जयशंकर 'राइजिंग इंडिया एंड द वर्ल्ड: फॉरेन पॉलिसी इन मोदी एरा' कार्यक्रम में पहुंचे थे.

शनिवार, 1 अक्टूबर को विदेश मंत्री एस जयशंकर 'राइजिंग इंडिया एंड द वर्ल्ड: फॉरेन पॉलिसी इन मोदी एरा' कार्यक्रम में पहुंचे थे. यहां उन्होंने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा,
“कोई और देश आतंकवाद को ऐसे बढ़ावा नहीं देता, जैसे पड़ोसी देश देता है. यह सालों से चल रहा है. लेकिन हम दुनिया को समझा सकते हैं कि जो आतंकवाद है आज यह हमारे खिलाफ इस्तेमाल हो रहा है, कल यह आपके खिलाफ भी होगा. मोदी सरकार की कूटनीति ने अन्य देशों को आतंकवाद के मुद्दे को गंभीरता से लेने के लिए प्रेरित किया है.”
एस जयशंकर ने मोदी सरकार की कूटनीति की भी तारीफ की. उन्होंने कहा,
“हम आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में दुनिया को साथ लाने में सफल रहे हैं. पहले, दूसरे देश इस मुद्दे को यह सोचकर नजरअंदाज कर देते थे कि इससे उन पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि यह कहीं और हो रहा है. लेकिन आज आतंकवाद का समर्थन करने वालों पर दबाव बना है. यह हमारी सफल कूटनीति का ही नतीजा है.”
साथ ही विदेश मंत्री ने बांग्लादेश के साथ रणनीतिक समझौते का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इससे पूर्वोत्तर के राज्यों में आतंकी गतिविधियों में कमी आई है. उन्होंने कहा कि विभाजन एक वास्तविक त्रासदी थी और इसने आतंकवाद जैसी समस्याएं पैदा कीं.
विदेश मंत्री ने पीएम मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि मुझे लगता है कि वे सरदार वल्लभभाई पटेल के 'अखंड भारत' के सपने को साकार कर रहे हैं. अगर कोई एक नेता है जो इन सपनों को साकार कर रहा है, जिसके पास सरदार पटेल जैसी सोच है, जिसके पास वह साहस और प्रतिबद्धता है, तो आप जानते हैं कि वह कौन हैं.
Video: दुनियादारी: एस जयशंकर ने अमेरिका दौरे में क्या कमाल किया?










