इलेक्टोरल बॉन्ड (Electoral Bond) मामले पर आपने 14 मार्च की शाम से अब तक काफी जानकारी हासिल कर ली होगी. किस पार्टी को सबसे ज्यादा चंदा मिला, किसे सबसे कम? बीजेपी को कितना चंदा मिला और कांग्रेस को कितना? किस कंपनी ने सबसे ज्यादा चंदा दे दिया? किस बिज़नेसमैन ने सबसे ज्यादा चंदा दिया? किसके घर ED की रेड हुई और तुरंत चंदा दे दिया? ये सब आपने अबतक जान ही लिया होगा. पर अभी भी बहुत कुछ मिस कर रहे हैं. क्योंकि सोशल मीडिया की दुनिया थर्ड वर्ल्ड से भी अतंरगी है. यहां जो ज्ञान बिखरा पड़ा है वो कहीं ढूंढने से भी न मिले.
कुणाल गुप्ता का इलेक्टोरल बॉन्ड सब पर भारी, इतने पैसे दिए मीम्स की बाढ़ आ गई!
एक तरफ लोग लाखों-करोड़ों के Electoral Bond का हिसाब-किताब पता करने की कोशिश कर रहे हैं. दूसरी तरफ कुणाल गुप्ता जिन्होंने 1000 का चंदा देकर सोशल मीडिया में मीम्स का सैलाब ला दिया है.

इलेक्शन कमीशन ने जैसे ही चंदा देने वालों की लिस्ट सार्वजनिक की कुणाल गुप्ता का नाम वायरल हो गया. X, फेसबुक और इंस्टा जैसे प्लेटफॉर्म्स पर मीम की बाढ़ आ गई. वैसे कुणाल के चर्चे इसलिए नहीं हो रहे कि उन्होंने कोई भारी भरकम चंदा दिया है. बल्कि इसलिए कि उन्होंने अपनी श्रद्धानुसार ‘एक हजार रुपये’ का चंदा दिया है. लिस्ट में कुणाल के नाम के सामने 1000 रुपये लिखे देख अब लोग सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग, SBI छोड़ कुणाल को खोजने में जुट गए हैं.
ये भी पढ़ें: बॉस ने सैलरी चेक पर लिख दिया 'चोर', लोगों ने कहा मानहानि का केस होना चाहिए
मीम ऐसे-ऐसे कि हंसते-हंसते पेट दर्द हो जाए. वेबसीरीज से फिल्मों तक सारे कैरेक्टर कुणाल से मैच करा दिए गए हैं. किसी को गंगाजल का साधु यादव याद आया तो किसी ने कुणाल को सेक्रेड गेम्स का गणेश गायतोंडे बता दिया.
नेटफ्लिक्स पर आई सेक्रेड गेम्स में नवाज़ुद्दीन का कैरेक्टर अमर हो गया. नवाज़ ने इसमें गणेश गायतोंडे का किरदार निभाया है. TauTumhare नाम के यूज़र ने लिखा कुणाल आज गणेश गायतोंडे टाइप ही फील कर रहे होंगे.
कुछ लोग कुणाल को मीम की दुनिया के दुलारे चीम्स से कंपेयर कर रहे हैं. जिसमें एक तरफ तो करोड़ों का चंदा देने वाली कंपनियां हैं. वहीं दूसरी तरफ 1000 रुपए के दानी कुणाल.
एक यूजर तो कुणाल को खोज निकालने का दावा भी कर रहा है. हिमांक सिंगला ने एक सर्च का स्क्रीनशॉट डालते हुए लिखा कि कुणाल गुप्ता मिल गया.
वैसे कुणाल जब आज सोशल मीडिया पर आए होंगे तो उन्होंने एक बार तो जरूर सोचा होगा- 'कभी-कभी लगता अपुन ही भगवान है.'









